लीलावती अस्पताल में क्यों भर्ती हैं कॉमेडियन जाकिर खान? भाई अरबाज ने शेयर किया VIDEO तो परेशान हुए फैंस, अचानक क्या हुआ?
स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान अस्पताल में भर्ती हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ये देखकर उनके फैंस चिंता में पड़ गए हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Zakir Khan: फेमस स्टैंड-अप कॉमेडियन जाकिर खान ने कुछ वक्त पहले ही ब्रेक का ऐलान किया था। उन्होंने इसके पीछे कारण जेनेटिक बीमारी बताया था। अब उनका एक हालिया वीडियो सामने आया है जिसने फैंस की चिंता बढ़ा दी है।
जाकिर खान के भाई अरबाज खान ने एक वीडियो शेयर किया है जिसमें कॉमेडियन अस्पताल के एक कमरे में नजर आ रहे हैं। रमजान व्लॉग में अरबाज दर्शकों को उसी कमरे की झलक दिखाते हैं जिसमें कॉमेडियन अस्पताल के कपड़े में दिख रहे हैं। कपड़े पर अस्पताल का नाम लिखा हुआ है।
जाकिर खान का अस्पताल से वीडियो वायरल
इसे देखने के बाद लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। व्लॉग में अरबाज दिन भर का हाल बताते हुए कहते हैं कि आज की सहरी और इफ्तारी रिकॉर्ड नहीं की, क्योंकि हमारी तबीयत थोड़ी खराब थी। अस्पताल पहुंचकर उन्होंने कहा कि ये रहा हमारा हॉस्पिटल जो किसी 5 स्टार होटल से कम नहीं है।
क्रिकेट मैच का लुत्फ उठाते दिखे कॉमेडियन
थोड़ी देर बाद जाकिर खान अस्पताल के बिस्तर पर आराम करते दिखाई देते हैं। साथ ही टीवी पर क्रिकेट मैच का लुत्फ उठा रहे होते हैं। वीडियो में जाकिर से पूछा गया, 'ठीक हो आप?' इस पर वो हां बोलते हैं। टीवी देखते हुए जाकिर मजाक में कहते हैं, 'मैच अभी फंसा हुआ है।' वीडियो के अंत में आईपीएस अधिकारी मनोज कुमार शर्मा और उनकी पत्नी श्रद्धा भी दिखाई दीं, जिनकेसाथ जाकिर हंसी-मजाक करते कैप्चर हुए। इस छोटी सी क्लिप को देखने के बाद फैंस को राहत पहुंची है कि जाकिर नॉर्मल हैं और हंसते-खेलते नजर आ रहे हैं।
Advertisement
जनवरी में किया था ब्रेक का ऐलान
बता दें कि जाकिर खान ने जनवरी में हैदराबाद में अपने लाइव शो में कॉमेडी से लंबा ब्रेक लेने की अनाउंसमेंट की थी। उनका ये ब्रेक तीन-चार साल लंबा हो सकता है। वीडियो में जाकिर खान ने कहा था, 'मैं बहुत लंबे ब्रेक पर जा रहा हूं, जो 2028-29 तक, या फिर 2030 तक भी हो सकता है। तीन-चार या पांच साल तक का ब्रेक है। ये ब्रेक मैं अपनी सेहत का ध्यान, दो-तीन चीजों को संभालने और बाकी चीजों को ठीक करने के लिए ले रहा हूं।'