Dada First Look: 'दादा' के जन्मदिन पर फैंस को तोहफा, सौरव गांगुली के रोल में छाए राजकुमार राव; इस तारीख को रिलीज होगी फिल्म
क्रिकेट के सबसे धाकड़ कप्तान सौरव गांगुली के जन्मदिन पर फैंस को एक जबरदस्त सरप्राइज मिला है। दादा के इस खास दिन पर उनकी बहुप्रतीक्षित बायोपिक 'दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी' का पहला ऑफिशियल पोस्टर रिलीज कर दिया गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Dada First Look: भारतीय क्रिकेट को एक नई आक्रामकता और बेखौफ अंदाज देने वाले पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का आज जन्मदिन है। इस खास मौके पर क्रिकेट और सिनेमा प्रेमियों को एक बड़ा सरप्राइज मिला है। राजकुमार राव की मच-अवेटेड फिल्म ‘दादा’ का पहला धांसू पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। यह फिल्म सौरव गांगुली की बायोपिक है, जिसमें राजकुमार राव मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।
पोस्टर में दिखा लॉर्ड्स का ऐतिहासिक नजारा
रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस पोस्टर में राजकुमार राव, सौरव गांगुली के करियर के सबसे यादगार और ऐतिहासिक पल को रीक्रिएट करते नजर आ रहे हैं। पोस्टर में राजकुमार बिना शर्ट के, हाथ में टीम इंडिया की नीली जर्सी थामे लॉर्ड्स की बालकनी में खड़े हैं और बैकग्राउंड में भारतीय तिरंगा लहरा रहा है। यह हुबहू वही नजारा है जिसने 13 जुलाई 2002 को हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया था। पोस्टर पर एक दमदार लाइन लिखी है कि 'दादा वो शख्स हैं जिन्होंने सिर्फ क्रिकेट खेला नहीं, बल्कि उसे बदलकर रख दिया।
नेटवेस्ट सीरीज के उस ऐतिहासिक बदले की कहानी
यह पोस्टर साल 2002 की नेटवेस्ट सीरीज के फाइनल की यादें ताजा करता है। इंग्लैंड के 326 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की जोड़ी ने भारत को एक नामुमकिन जीत दिलाई थी। जीत की खुशी में कप्तान गांगुली ने लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी शर्ट उतारकर हवा में लहराई थी। दरअसल, यह इंग्लैंड के एंड्रयू फ्लिंटॉफ को करारा जवाब था, जिन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत को हराने के बाद शर्ट उतारकर जश्न मनाया था। दादा का यह अंदाज भारतीय क्रिकेट की आक्रामक सोच का प्रतीक बन गया था।
गांगुली ने कहा- 'बेस्ट बर्थडे गिफ्ट'
राजकुमार राव ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘हमारे प्यारे दादा को हैप्पी बर्थडे’। इस पर खुद सौरव गांगुली ने बेहद इमोशनल रिएक्शन दिया। दादा ने पोस्टर रीशेयर करते हुए इसे अपना 'बेस्ट बर्थडे गिफ्ट' बताया और कहा कि वह राजकुमार राव को अपना कवर शॉट दोहराते देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं।
Advertisement
अगले साल रिलीज होगी फिल्म
पोस्टर के साथ ही मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। 'दादा' अगले साल 14 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। राजकुमार राव के इस लुक ने फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
ये भी पढ़ें - Maharashtra: सेल्फी के जुनून ने ले ली जान, एक साथ थम गईं तीन धड़कनें; खदान में डूबने से तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत