'...और चुप नहीं रह सकता', डिप्रेशन से जूझ रहे सिंगर Amaal Mallik, परिवार से तोड़ा नाता; पैरेंट्स को क्यों ठहराया जिम्मेदार?
अमाल मलिक ने कहा कि मेरे माता-पिता की वजह से हम भाई एक-दूसरे से बहुत दूर हो गए हैं और इस सबने मुझे खुद के लिए कदम उठाने पर मजबूर किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Amaal Mallik News: मशहूर प्लेबैक सिंगर अमाल मलिक ने बड़ा खुलासा किया कि वह क्लिनिकल डिप्रेशन से जूझ रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि वह अपने भाई अरमान मलिक और परिवार सबसे नाता तोड़ रहे हैं। अमाल ने इसके लिए अपने पैरेंट्स को जिम्मेदार ठहराया है। एक इमोशनल पोस्ट में अमाल ने अपना दर्द बयां किया है।
अमाल मलिक मशहूर सिंगर हैं। कम उम्र में ही उन्होंने अपना करियर शुरू कर दिया था। हालांकि अमाल को 'जय हो' से बड़ा ब्रेक मिला। वो संगीतकार डब्बू मलिक और ज्योति मलिक के बेटे हैं और गायक अरमान मलिक के बड़े भाई हैं।
अमाल मलिक ने नोट लिख बयां किया दर्द
अमाल ने आज (20 मार्च) इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर क्लिनिकल डिप्रेशन से जूझने की जानकारी फैंस के साथ शेयर की है। प्लबैक सिंगर ने एक लंबा-चौड़ा इमोशनल नोट लिखकर बताया है कि कैसे माता-पिता की वजह से उनके और उनके भाई अरमान मलिक के रिश्तों में दूरी आ गई।
अमाल ने लिखा, "मैं उस प्वाइंट पर पहुंच गया हूं जहां मैं अब उस दर्द के बारे में चुप नहीं रह सकता जो मैंने सहा है। सालों से मुझे ऐसा महसूस कराया गया है कि मैं कमतर हूं, जबकि मैं अपने लोगों के लिए सुरक्षित जीवन बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहा हूं। मैंने अपने हर सपने को तोड़ दिया और पाया कि लोग मुझसे बात करते हैं और सवाल करते हैं कि मैंने क्या किया है। मैंने पिछले दशक में रिलीज हुई 126 धुनों में से हर को बनाने के लिए अपना खून, पसीना और आंसू बहाए हैं।"
Advertisement
‘माता-पिता की वजह से हम भाई…’
उन्होंने आगे लिखा, "मैंने उनके लिए धरती पर मौजूद हर सपने को एक हाथ की पहुंच में बनाया, जिससे वे दुनिया के सामने मजबूती से खड़े हो सकें और अपना सिर ऊंचा रख सकें। मैंने अपने भाई की गायन क्षमता के साथ XYZ के भतीजे या बेटे कहलाने की कहानी को बदल दिया है, जो भी हम आज हैं! यह यात्रा हम दोनों के लिए बहुत शानदार रही है, लेकिन मेरे माता-पिता की वजह से हम भाई एक-दूसरे से बहुत दूर हो गए हैं और इस सबने मुझे खुद के लिए कदम उठाने पर मजबूर किया है, क्योंकि इसने मेरे दिल पर बहुत गहरा घाव छोड़ दिया है।"
अमाल ने नोट में दर्द बयां करते हुए लिखा, "पिछले कई सालों से उन्होंने मेरी वेल बीइंग, मेरी सभी दोस्ती, मेरे रिश्ते, मेरी मानसिकता, मेरे आत्मविश्वास को कम करने का कोई मौका नहीं छोड़ा है। लेकिन मैं बस आगे बढ़ता रहा क्योंकि मुझे पता है कि मैं कर सकता हूं और मुझे विश्वास है कि मैं अडिग हूं। आज मेरे पास जो भी है वो दिमाग और भगवान के आशीर्वाद से है।"
Advertisement
‘मेरी शांति छीन ली गई, मेरी आत्मा के टुकड़े…’
सिंगर ने कहा कि आज मैं ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं जहां मेरी शांति छीन ली गई है। भावनात्मक रूप से और शायद आर्थिक रूप से भी मैं टूट चुका हूं, लेकिन यह मेरी चिंताओं में सबसे कम है। जो बात मायने रखती है वह यह है कि इन घटनाओं की वजह से मैं क्लीनिकली डिप्रेशन में हूं। हां, मैं अपने कार्यों के लिए केवल खुद को ही दोषी ठहरा सकता हूं, लेकिन मेरे आत्मसम्मान को मेरे प्रियजनों के कार्यों ने अनगिनत बार कम किया गया है। उन्होंने मेरी आत्मा के टुकड़े चुरा लिए हैं।
परिवार से रिश्ते तोड़ने का किया ऐलान
अमाल मलिक ने आगे कहा कि आज भारी मन से मैं ऐलान करता हूं कि मैं इन व्यक्तिगत संबंधों से दूर जा रहा हूं। अब से मेरे परिवार के साथ मेरी बातचीत पूरी तरह से प्रोफेशनल होगी। यह गुस्से में लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि यह मेरे जीवन को ठीक करने और दोबारा हासिल करने के लिए लिया गया है। मैं अतीत से अपने भविष्य को लूटने नहीं दूंगा। मैं ईमानदारी और ताकत के साथ, टुकड़े-टुकड़े करके अपने दोबारा बनाने के लिए प्रतिबद्ध हूं।
अमाल मलिक के इस खुलासे और इमोशनल पोस्ट ने उनके फैंस को हैरान कर दिया है। उनके पोस्ट पर फैंस उन्हें ढेर सारा प्यार भेजते और मुश्किल वक्त में सपोर्ट करते नजर आ रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "बस इतना जान लीजिए कि आप अकेले नहीं हैं। आपको ढेर सारा प्यार।" एक और यूजर ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि तुम जल्द से जल्द ठीक हो जाओगे अमाल। हम तुम्हारे साथ हैं।"