'वो सचिन की पत्नी और देश की बहू...', पहलगाम हमले के बाद सीमा हैदर के सपोर्ट में उतरीं राखी सावंत, सरकार से की ये गुजारिश
पाकिस्तानी नागरिकों के भारत छोड़ने के आदेश के बीच सीमा हैदर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच राखी सावंत ड्रामा क्वीन उनके सपोर्ट में उतरी हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Rakhi Sawant Appeals for Seema Haider: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया। इसी के बाद से सीमा हैदर के भारत में रहने पर भी सवाल उठ रहे हैं। इस बीच राखी सावंत ड्रामा क्वीन उनके सपोर्ट में उतरी हैं।
पाकिस्तान से साल 2023 में सीमा हैदर अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुई थीं। वह अपने पति गुलाम हैदर को छोड़ उन्होंने नोएडा के रबूपुरा के रहने वाले सचिन मीणा से शादी कर ली थी। साल 2019 में दोनों पबजी गेम खेलने के दौरान एक दूसरे के संपर्क में आए थे। इसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा और सीमा बिना वीजा के भारत में घुस गईं। फिलहाल उनका मामला अदालत में विचाराधीन है।
राखी सावंत ने सीमा हैदर का लिया पक्ष
सीमा की वापसी पर खड़े हो रहे सवालों के बीच ड्रामा क्वीन राखी सावंत ने सीमा हैदर का पक्ष लिया है। उनका कहना है कि सीमा हैदर अब भारत की बहू हैं। उनके साथ कतई अन्याय नहीं करना चाहिए।
'सीमा को पाकिस्तान नहीं भेजना चाहिए'
राखी सावंत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, 'सीमा हैदर को पाकिस्तान नहीं भेजा जाना चाहिए। क्योंकि अब वो हिंदुस्तान की बहू हैं। वो सचिन की पत्नी हैं और अब उसके बच्चे की मां भी है। हिंदुस्तान को अब सीमा हैदर को पाकिस्तान नहीं भेजना चाहिए।'
Advertisement
वो अब यूपी की बहू- राखी सांवत
उन्होंने आगे कहा, 'वो सचिन से प्यार करती हैं और हिंदुस्तानी हो चुकी हैं क्योंकि वो सचिन के बच्चे की मां बन चुकी हैं। ऐसे किसी के साथ अन्याय नहीं करना चाहिए। वो मां नहीं बनी होती तो शायद उन्हें भेजा जा सकता था। लेकिन अब वो हिंदुस्तान की बहू हैं। ऐसे में आप सीमा हैदर के साथ गलत व्यवहार नहीं कर सकते हैं। औरत की इज्जत करें। वो अब यूपी की बहू है। उन्हें भारत से न निकाला जाए। पाकिस्तान नहीं भेजा जाए। अन्याय नहीं करना है।'
राखी ने सरकार से की गुजारिश
वीडियो में राखी आगे कहती हैं, 'षड्यंत्र कौन रच रहा है इसके बारे में हमें नहीं पता है। खुदा ही जानता है। लेकिन मासूमों के साथ बुरा न हो। मैं मानती हूं कि वो पाकिस्तानी हैं। लेकिन आज वो हिंदुस्तान की बहू हैं। साथ ही सचिन से शादी करने के बाद वो मुस्लिम से हिंदू भी बन चुकी हैं। वो हिंदुस्तान के नारे लगाती हैं। उनका एक बच्चा भी है। इस देश से उस देश, और उस देश से किसी और देश... तो सीमा हैदर एक औरत है, कोई फुटबॉल नहीं हैं। जो आप उन्हें लात मारकर निकाल दें। मैं गुजारिश करूंगी की सीमा हैदर को हिंदुस्तान से न निकाला जाए।'
Advertisement
सरकार ने सुनाया ये फरमान
बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने चुन-चुनकर पर्यटकों को निशाना बनाया। इस आतंकी हमले में 28 बेगुनाह लोगों की जान चली गई। इसके बाद से पूरे देश में उबाल है। ऐसे में केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तानी नागरिकों को वापस अपने मुल्क जाने का फरमान सुना दिया। साथ ही वीजा की सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दीं।