Ramayan Trailer: 'रामायण' में रवि दुबे को लक्ष्मण के रूप में देख इमोशनल हुईं पत्नी सरगुन मेहता, बोलीं- यह उनके कड़े तप का फल है
Ramayan Trailer: फिल्म 'रामायण' के ट्रेलर लॉन्च के इवेंट के बाद अब इसके रिलीज का बेसब्री से इंतजार चल रहा है। फिल्म में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले रवि दुबे की पत्नी के ट्रेलर लॉन्च पर खुशी से छलके पड़े आंसू।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Ramayan Trailer: दिल्ली में हाल ही में हुए एक भव्य इवेंट में नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर चुनिंदा दर्शकों को दिखाया गया, जिसे बेहद शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इस फिल्म में एक्टर रवि दुबे भगवान राम के छोटे भाई लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। पति को इस ऐतिहासिक और बड़े पर्दे के किरदार में देखने के बाद उनकी पत्नी और जानी-मानी एक्ट्रेस सरगुन मेहता अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और बुरी तरह रो पड़ीं।
सरगुन मेहता ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
सरगुन मेहता ने सोशल मीडिया पर ट्रेलर लॉन्च की कुछ खास तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए अपने दिल की बात खुलकर कही। उन्होंने लिखा कि उनका दिल आज इतना भर आया है कि जब तक उनका रोना बंद नहीं होता, वह कुछ और नहीं लिख पाएंगी और फिलहाल उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सरगुन ने आगे लिखा कि वह इंतजार नहीं कर पा रही हैं कि कब पूरी दुनिया आने वाले 24 जुलाई को इस शानदार ट्रेलर को देखेगी। इसके साथ ही उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास जताया गया है, उसका कर्ज वे कभी नहीं चुका सकतीं।
ईश्वर का किया धन्यवाद
रवि दुबे की मेहनत की सराहना करते हुए सरगुन ने यह भी लिखा कि हर सांस के लिए वह ईश्वर की शुक्रगुजार हैं और यह मुकाम उनके पति के लंबे संघर्ष और तपस्या का वास्तविक फल है। आपको बता दें कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही है, जिसका कुल बजट करीब चार हजार करोड़ रुपये बताया गया है। फिल्म को नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है और इसके दो भाग होंगे, जिसमें से पहला हिस्सा इसी साल दिवाली के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगा, जबकि दूसरा हिस्सा अगले साल दिवाली पर आएगा।
फिल्म 'रामायण' स्टारकास्ट
ट्रेलर लॉन्च के इस खास मौके पर खुद रवि दुबे भी काफी भावुक हो गए थे और उन्होंने इसे अपने जीवन का सबसे बड़ा आशीर्वाद बताया था। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के मुख्य किरदार में नजर आएंगे, जबकि सीता के रूप में साई पल्लवी, हनुमान के रूप में सनी देओल और रावण के रोल में साउथ के सुपरस्टार यश दिखाई देंगे। रणबीर ने पहले इस भूमिका को निभाने से मना कर दिया था क्योंकि उन्हें डर था कि वह न्याय नहीं कर पाएंगे, लेकिन बेटी राहा के जन्म के बाद उन्होंने अपना फैसला बदला और इस ऐतिहासिक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने के लिए हामी भर दी।