Nora Fatehi के बर्थडे से एक दिन पहले उड़ी मौत की अफवाह! खाई में गिरने का वीडियो हुआ वायरल; आखिर क्या है सच्चाई?
बॉलीवुड एक्ट्रेस, मॉडल और डांसर नोरा फतेही का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि एक हादसे में उनकी मौत हो गई है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Nora Fatehi: बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस, मॉडल और डांसर नोरा फतेही इन दिनों अपने मोस्ट ट्रेंडिंग सॉन्ग 'स्नेक' की वजह से चर्चा में हैं। इसके अलावा एक और वजह है जिसकी वजह से वो सुर्खियों में आ गई हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक महिला का खाई में गिरने का वीडियो वायरल हुआ है। इस महिला को लेकर दावा किया जा रहा है कि ये नोरा फतेही हैं। इसके बाद से ही नोरा फतेही की मौत की फर्जी अफवाह उड़ने लगी। अब इस बात को लेकर उनके चाहनेवाले चिंता में पड़ गए हैं। वीडियो की असल सच्चाई क्या है चलिए बताते हैं।
बंजी जंपिंग के दौरान खाई में गिरी महिला
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो तेजी से आग की तरह फैल रहा है। इसे mystic.sufiyan नामक इंस्टा अकाउंट से शेयर किया गया है। इसमें देखा जा सकता है कि कैसे बंजी जंपिंग के दौरान एक महिला खाई में गिर जाती है। इसी महिला को नोरा फतेही बताकर उनके मौत की अफवाह उड़ने लगी। वीडियो के कैप्शन में लिखा है- 'मशहूर बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही की मौत। बॉलीवुड के लिए बुरी खबर।'
क्या है बंजी जंपिंग वाले वीडियो की सच्चाई?
रिपोर्ट्स की मानें तो ये वीडियो काफी पुराना है। इसमें किया जा रहा दावा पूरी तरह से गलत है। खाई में गिरते दिखाई दे रही लड़की नोरा फतेही नहीं है। वीडियो को गलत तरीके से एडिट कर नोरा फतेही के साथ हुए हादसे की अफवाह फैलाई जा रही है।
Advertisement
फेक न्यूज फैलाने पर भड़के लोग
आग की तरह फैल रहे इस वीडियो को लेकर यूजर्स भड़क उठे हैं। नोरा फतेही की मौत की अफवाह को लेकर आगबबूला हुए लोगों का कहना है कि चंद व्यूज के लिए किसी को 'मार देना' बहुत गलत है। कमेंट सेक्शन में कुछ लोगों ने पूछा कि फेक न्यूज क्यों फैला रहे हो? वहीं एक अन्य ने कहा कि बर्थडे से एक दिन पहले इस तरह की खबर क्यों फैला रहे।
बता दें कि कल यानि 6 फरवरी को नोरा फतेही अपना जन्मदिन मनाने जा रही हैं। बर्थडे से एक दिन पहले इस तरह की खबर आना लोगों को रास नहीं आया। यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में ऐसी भ्रामक खबर फैलाने वाले की जमकर क्लास लगाई।