Riddhi Dogra: ‘लड़कियों को गुजारे के लिए शादी की जरूरत नहीं...’, ट्विशा और दीपिका केस के बाद रिद्धि डोगरा का लंबा नोट वायरल
Riddhi Dogra: रिद्धी डोगरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक लंबा- चौड़ा पोस्ट शेयर किया है। उसमें उन्होंने लड़कियों को गुजारे के लिए शादी की जरूरत नहीं है कि बात लिखी है। इसके साथ ही उन्होंने दहेज के मामले के बारे में अपनी राय दी है।
- मनोरंजन समाचार
- 4 min read

Riddhi Dogra: ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर मौत मामले को लेकर देशभर में दहेज उत्पीड़न, रिश्तों और शादी को लेकर बहस जारी है। इसी बीच बॉलीवुड एक्ट्रेस रिद्धी डोगरा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट शेयर कर आज के रिश्तों, शादी और फेमिनिज्म पर अपनी राय रखी है। एक्ट्रेस ने युवाओं से शादी को जरूरत से ज्यादा रोमांटिक न बनाने और परियों जैसी उम्मीदें छोड़ने की अपील की है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या लिखा है अपने पोस्ट में...
रिद्धि डोगरा ने शेयर किया लंबा नोट
रिद्धि डोगरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लंबी पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बदलते समाज और रिश्तों पर खुलकर बात की। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और पिछले कुछ वर्षों में शादी के बाद लड़के-लड़कियों से जुड़े कई दर्दनाक मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि समाज और मानसिकता में आए बदलाव को समझाने वाला कोई नहीं है, इसलिए अब लोगों को खुद एक-दूसरे को जागरूक करना होगा। अपने नोट में रिद्धि ने युवाओं से कहा कि वे शादी को किसी परियों की कहानी की तरह देखना बंद करें। उन्होंने लिखा कि आज की दुनिया पहले जैसी नहीं रही और लड़कियां अब आंख मूंदकर हर बात मानने वाली नहीं हैं। कानूनों और बदलते समय ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया है। रिद्धि ने कहा कि अब लड़कियां नौकरी कर सकती हैं, खुद कमाई कर सकती हैं और बिना किसी सहारे के भी सम्मान के साथ जिंदगी जी सकती हैं। ऐसे में शादी अब सिर्फ गुजारे का जरिया नहीं, बल्कि साथ निभाने का रिश्ता होना चाहिए।
लड़कियों और लड़कों दोनों को एक्ट्रेस ने दी सलाह
एक्ट्रेस ने लड़कियों को सलाह देते हुए कहा कि वे अपने बॉयफ्रेंड से शादी के बाद किसी ‘प्रिंस चार्मिंग’ में बदल जाने की उम्मीद न करें। उन्होंने कहा कि पुरुष भी बदलती दुनिया और नए सामाजिक नियमों को समझने की कोशिश कर रहे हैं। रिद्धि ने लिखा कि आज समाज की उम्मीदें बदल चुकी हैं, इसलिए रिश्तों में भी वास्तविकता को समझना जरूरी है। उन्होंने युवाओं से खुद को शिक्षित करने, अपने अधिकारों के लिए खड़े होने और आत्मनिर्भर बनने की बात कही। रिद्धि डोगरा ने अपने नोट में यह भी कहा कि शादी केवल दो लोगों के बीच का रिश्ता होना चाहिए। उन्होंने लिखा कि अगर रिश्ते में जरूरत से ज्यादा लोगों की दखलंदाजी हो जाती है, तो वह भीड़ में बदल जाता है। एक्ट्रेस ने कहा कि शादी प्यार और सम्मान के आधार पर होनी चाहिए, न कि सामाजिक दबाव या निर्भरता के कारण।
फेमिनिज्म पर भी रखी राय
रिद्धि ने अपने पोस्ट में फेमिनिज्म को लेकर भी अपनी सोच साझा की। उन्होंने लिखा कि सच्चा फेमिनिज्म सिर्फ समानता की बात करता है, न उससे ज्यादा और न उससे कम। एक्ट्रेस ने कहा कि जब वह महिलाओं के लिए आवाज उठाती हैं, तो पुरुषों के लिए भी उतना ही सोचती हैं। उन्होंने आगे कहा कि नारीवाद का मकसद कभी पुरुषों को नीचा दिखाना नहीं था। रिद्धि के मुताबिक, महिलाओं ने जिन अधिकारों और अवसरों के लिए संघर्ष किया था, आज वे धीरे-धीरे हकीकत बन चुके हैं। उन्होंने भारतीय संस्कृति का जिक्र करते हुए कहा कि शिव और शक्ति हमेशा साथ-साथ चलते हैं और रिश्तों में भी समानता और सम्मान जरूरी है।
Advertisement
ट्विशा शर्मा और दीपिका नागर केस पर बढ़ी चर्चा
बता दें कि 12 मई को भोपाल में ट्विशा शर्मा अपने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थीं। उनके परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास पर दहेज उत्पीड़न और क्रूरता के आरोप लगाए थे। भोपाल AIIMS की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में आत्महत्या की बात सामने आई है, जिसमें गले पर मिले निशानों को बेल्ट से फंदा लगाने से जोड़ा जा रहा है। वहीं 24 साल की दीपिका नागर ने भी कथित तौर पर अपने ससुराल की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। परिवार का आरोप है कि उन्हें अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और 18 मई को मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया गया है।