Deepika Kakkar: कैंसर ट्रीटमेंट के बीच दीपिका कक्कड़ ने नहीं छोड़ा कुकिंग का शौक, पहली बार बनाए राइस नूडल्स
Deepika Kakkar: दीपिका कक्कड़ का कैंसर का ट्रीटमेंट चल रहा है। इस बीच भी उनका हौसला कम नहीं हुआ है। उन्होंने हाल ही में राइस नूडल्स बनाकर अपने फैंस के साथ शेयर किया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Deepika Kakkar: टेलीविजन एक्ट्रेस दीपिका कक्कड़ इन दिनों कैंसर से जंग लड़ रही हैं, लेकिन मुश्किल दौर में भी उन्होंने अपनी हिम्मत नहीं खोई है। इलाज के बीच भी वह अपने पसंदीदा काम कुकिंग को समय दे रही हैं। एक्ट्रेस ने अपने यूट्यूब चैनल पर ऑरेंज चिकन और राइस नूडल्स की रेसिपी शेयर की, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। खास बात यह है कि दीपिका ने पहली बार राइस नूडल्स बनाए और अपनी आसान रेसिपी भी फैंस के साथ शेयर की है।
दीपिका ने शेयर की राइस नूडल्स की रेसिपी
वीडियो में दीपिका कक्कड़ ने बताया कि वह राइस नूडल्स खा सकती हैं, लेकिन मिर्च-मसालों को लेकर थोड़ा सावधानी बरत रही हैं। राइस नूडल्स बनाने के लिए उन्होंने शिमला मिर्च, प्याज, बंद गोभी, राइस नूडल्स, तिल का तेल और मूंगफली का तेल इस्तेमाल किया। वहीं ऑरेंज चिकन के लिए ऑरेंज और बोनलेस चिकन लिया गया है। दीपिका ने सबसे पहले सारी सब्जियों को काटकर तैयार किया। इसके बाद कढ़ाई में तिल और मूंगफली का तेल गर्म किया और उसमें लहसुन व सब्जियां भून लीं। फिर इसमें काली मिर्च, चिली फ्लेक्स, नमक और सोया सॉस मिलाया। दूसरी तरफ राइस नूडल्स को करीब 7 मिनट तक गर्म पानी में पकाया गया। पकने के बाद नूडल्स को सब्जियों के साथ मिलाकर अच्छे से मिक्स किया गया और इस तरह राइस नूडल्स तैयार हो गए।
ऑरेंज चिकन की भी बताई आसान रेसिपी
इसके बाद दीपिका ने ऑरेंज चिकन बनाना शुरू किया। उन्होंने बोनलेस चिकन को अच्छी तरह धोने के बाद उसमें नमक, मसाले, चावल का आटा और सोया सॉस मिलाया। इसके ऊपर ऑरेंज के छिलके को कद्दूकस करके डाला गया, जिससे चिकन में खास फ्लेवर आया। सभी चीजों को मिलाकर कुछ देर के लिए मेरिनेट होने रखा गया।
शहद डालकर तैयार किया खास फ्लेवर
ऑरेंज चिकन बनाने के लिए दीपिका ने तिल का तेल गर्म किया और उसमें लहसुन व प्याज फ्राई किए। इसके बाद मसाले डालकर चिकन को अच्छी तरह पकाया गया। गैस बंद करने के बाद उसमें दो चम्मच शहद मिलाया गया, जिससे चिकन को हल्का स्वीट और टेंगी फ्लेवर मिला। दीपिका ने बताया कि पहली बार में उनके राइस नूडल्स और ऑरेंज चिकन काफी अच्छे बने। साथ ही उन्होंने फैंस से भी इस रेसिपी को घर पर ट्राई करने की अपील की।
Advertisement
कठिन दौर में भी कायम है दीपिका का हौसला
कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझने के बावजूद दीपिका कक्कड़ लगातार पॉजिटिव रहने की कोशिश कर रही हैं। वह अपने यूट्यूब चैनल के जरिए फैंस से जुड़ी हुई हैं और अपने रोजमर्रा के अनुभव भी शेयर करती रहती हैं। उनके इस जज्बे की फैंस भी खूब तारीफ कर रहे हैं।