'देओल्स ने मुझे इंडस्ट्री में अपनापन दिया...', धर्मेंद्र के निधन पर भावुक हुईं प्रियंका चोपड़ा, इंस्टाग्राम पर फोटो शेयर कर लिखा लंबा नोट
Priyanka Chopra Tribute Dharmendra: दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के निधन ने पूरा भारत गहरे सदमे में डाल दिया है। सभी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी कड़ी में प्रियंका चोपड़ा भी लंबा नोट लिखकर भावुक हो गई।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Priyanka Chopra Tribute Dharmendra: हिंदी सिनेमा के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया है। 89 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। ‘ही मैन’ के जाने से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक जगत तक के सभी लोग उन्हें याद कर रहे हैं। इसी बीच प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र को याद करते हुए एक लंबा, इमोशनल नोट लिखा है। उन्होंने अपने मैसेज में बताया है कि उन्हें देओल्स ने ही फिल्म इंडस्ट्री में अपनाया था।
प्रियंका चोपड़ा ने शेयर की यादें
प्रियंका चोपड़ा ने अपने पोस्ट में सबसे पहले धर्मेंद्र की एक फोटो को शेयर किया है। उसके बाद दूसरी फोटो में उन्होंने एक इवेंट की शेयर की, जिसमें वो एक्टर के साथ नजर आ रही हैं। इस पोस्ट के कैप्शन में प्रियंका ने लिखा कि साल 2001 में उनका पहला साइनिंग अमाउंट विजयता फिल्म्स से मिला था और उनकी शुरुआती फिल्मों में से एक देओल परिवार के बैनर तले शूट हुई थी। उन्होंने बताया कि देओल परिवार ने तब उन्हें बेहद अपनापन और सम्मान दिया था, जब इंडस्ट्री में कोई उन्हें जानता भी नहीं था।
देओल परिवार के व्यवहार का किया जिक्र
एक नए स्टार के रूप में दी गई रिस्पेक्ट को याद करते हुए प्रियंका ने लिखा कि बहुत कम लोग किसी अनजान नए स्टार को इतना प्यार और स्नेह देते हैं या उसके प्रति इतनी सरलता से पेश होते हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने करियर की शुरुआत से ही देओल परिवार को जानती हैं और सनी व बॉबी देओल के साथ उन्होंने कई फिल्मों में काम किया है।
धर्मेंद्र के जाने को कहा ‘पर्सनल’
प्रियंका चोपड़ा ने अपने नोट में लिखा कि धर्मेंद्र का निधन उनके लिए पर्सनल बताते हुए कहा कि उनके जाने का एक्ट्रेस को काफी गम है। उनके अनुसार कुछ कलाकार सिर्फ फिल्में छोड़ जाते हैं, जबकि कुछ लोग दर्शकों के दिलों में भावनाएं छोड़ जाते हैं, और धर्मेंद्र ने इन दोनों चीजों को हमारे साथ छोड़कर गए हैं। उन्होंने आगे लिखा कि धरमजी की उपस्थिति ने सभी के लिए हमेशा अपनापन दिखाया है। उनकी मुस्कान और उनका नेचर किसी भी फ्रेम को पूरी तरह भर देता था।
Advertisement
सेट से लिखा भावुक संदेश
प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि वह अपनी अगली फिल्म की शूटिंग के दौरान, शॉट्स के बीच यह नोट लिख रही थीं। उन्होंने कहा कि एक छोटे शहर से बिना किसी गॉडफादर के आए धर्मेंद्र ने न सिर्फ इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई, बल्कि अपने पूरे परिवार को भी एक मजबूत जगह दिलवाई। प्रियंका ने लास्ट में लिखा कि धरमजी एक सच्चे हिंदी फिल्म हीरो थे और उनकी विरासत हमेशा अमर रहेगी।
धर्मेंद्र का फिल्मी सफर और परिवार
साल 1935 में पंजाब में धरम सिंह देओल के रूप में धर्मेंद्र का जन्म हुआ था। धर्मेंद्र के फिल्मी सफर के बारे में बात करें तो उन्होंने छह दशकों से अधिक समय तक सिनेमा को अपना योगदान दिया। उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में एक्टिंग किया और शोले, चुपके चुपके, सत्यकाम, सीता और गीता, द बर्निंग ट्रेन जैसी क्लासिक फिल्मों से दर्शकों के दिलों पर राज किया। हालिया फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में भी उनकी मौजूदगी ने दर्शकों को प्रभावित कर दिया था। दिवंगत एक्टर के परिवार की बात करें, तो वह अपने पीछे बड़ा परिवार छोड़ गए हैं जिसमें उनकी पत्नियां प्रकाश कौर और हेमा मालिनी, बेटे सनी व बॉबी देओल और बेटियां विजेता, अजीता, ईशा और अहाना शामिल हैं। धर्मेंद्र के निधन ने उनके पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया है। इस क्षति को कोई भी बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। घर-परिवार में शोक की लहर दौड़ रही है।