अपडेटेड 7 February 2026 at 20:32 IST

'जब मैंने अपने पापा को खो दिया था, तब...', नेपाली एक्टर सुनील थापा के निधन पर प्रियंका चोपड़ा ने लिखा इमोशनल पोस्ट

Sunil Thapa Death: सुनील थापा सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और मददगार इंसान भी थे। प्रियंका चोपड़ा की भावुक पोस्ट इस बात का सबूत है कि वह अपने सह-कलाकारों के दिलों में कितनी खास जगह रखते थे।

Follow : Google News Icon  
Priyanka chopra emotional post on Instagram mourns for sunil Thapa death mary kom co actor also manoj Bajpayee post on social media
Priyanka chopra emotional post on Instagram | Image: Social Media

वरिष्ठ नेपाली अभिनेता सुनील थापा के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। 7 फरवरी को 68 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके जाने से न सिर्फ नेपाली सिनेमा, बल्कि बॉलीवुड और ओटीटी इंडस्ट्री को भी बड़ा नुकसान हुआ है। बता दें कि फिल्म ‘मैरी कॉम’ में प्रियंका चोपड़ा के कोच का किरदार निभाने वाले सुनील थापा को याद करते हुए प्रियंका चोपड़ा ने एक बेहद इमोशनल पोस्ट शेयर किया है।

क्या है मौत का कारण?

कई रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनील थापा की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। थापाथली स्थित नॉर्विक अस्पताल के अध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक, थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। सुबह 7:44 बजे ईसीजी किया गया, जिससे उनकी मृत्यु की पुष्टि हुई। डॉक्टरों को संदेह है कि उनकी मृत्यु का कारण हार्ट अटैक है।

प्रियंका चोपड़ा ने लिखा दिल छू लेने वाला मैसेज

प्रियंका चोपड़ा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म मैरी कॉम के कुछ खास पलों का वीडियो शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, “आप हमेशा मेरे कोच सर रहेंगे। जब मैंने अपने पापा को खो दिया था, तब आपने मुझे संभाला। आपने मुझे बहुत प्यार दिया और मुश्किल दिनों में मेरा साथ दिया। आपकी गर्मजोशी भरी झप्पियां और आपकी हंसी हमेशा मेरी यादों में रहेंगी।”

प्रियंका ने आगे लिखा, “आप बहुत जल्दी चले गए, लेकिन कभी भुलाए नहीं जाएंगे। उस समय आपकी दयालुता के लिए धन्यवाद, जब मैं पूरी तरह टूट चुकी थी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। आपके परिवार और करीबियों के लिए मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं।”

Advertisement

बता दें कि प्रियंका के पिता अशोक चोपड़ा का निधन 10 जून 2013 को कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद हुआ था। उसी दौरान प्रियंका फिल्म मैरी कॉम की शूटिंग कर रही थीं। ऐसे मुश्किल समय में सुनील थापा ने उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें संभाला।

सुनील थापा का शानदार फिल्मी सफर

नेपाल के दांग में जन्मे सुनील थापा ने अपने करियर में 300 से ज्यादा नेपाली फिल्मों में काम किया। उन्हें फिल्म ‘चिनो’ में ‘रेटे कैला’ के किरदार से खास पहचान मिली। बॉलीवुड में उन्होंने कमल हासन और रति अग्निहोत्री की फिल्म ‘एक दूजे के लिए’ से डेब्यू किया था।

Advertisement
Uploaded image

फिल्म ‘मैरी कॉम’ में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें फिल्मफेयर अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन भी मिला था। हाल ही में वह अमेजन प्राइम की मशहूर सीरीज ‘द फैमिली मैन सीजन 3’ में नजर आए थे, जहां उन्होंने नागालैंड के एक सम्मानित नेता का रोल निभाया था। इसके अलावा वह फिल्म ‘मिराई’ में भी अहम किरदार में दिखे थे।

मनोज बाजपेयी समेत कई सितारों ने जताया दुख

सुनील थापा के निधन पर अभिनेता मनोज बाजपेयी ने भी दुख जताया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, “बहुत दुख हुआ सर। आपकी आत्मा को भगवान शांति दे। द फैमिली मैन सीजन 3 की यादें हमेशा दिल में रहेंगी।”

Uploaded image

इसके अलावा सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि सुनील थापा की अदाकारी और उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

एक युग का हुआ अंत

सुनील थापा सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि एक संवेदनशील और मददगार इंसान भी थे। प्रियंका चोपड़ा की भावुक पोस्ट इस बात का सबूत है कि वह अपने सह-कलाकारों के दिलों में कितनी खास जगह रखते थे। उनके जाने से सिनेमा जगत में एक खालीपन आ गया है, जिसे भर पाना मुश्किल होगा।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

यह जरूर पढ़ें: Dhurandhar 2 OTT Release: धुरंधर 2 Netflix पर नहीं, इस प्लेटफॉर्म पर होगी रिलीज, इतने करोड़ में OTT राइट्स को लेकर हुई डील

Published By : Samridhi Breja

पब्लिश्ड 7 February 2026 at 20:32 IST