'किशोर कुमार के गाने और देव आनंद की फिल्मों को...',राज्यसभा में इमरजेंसी का जिक्र कर PM ने कांग्रेस को घेरा
PM मोदी ने राज्यसभा में इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि आपातकाल के दौर में किशोर कुमार के गाने और देवानंद की फिल्मों को बैन किया।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

राज्यसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला किया। इमरजेंसी से लेकर आरक्षण तक, पीएम मोदी ने कांग्रेस को पुराने दिनों की याद दिलाई। इस दौरान उन्होंने संगीतकार किशोर कुमार और अभिनेता देव आनंद का जिक्र किया और कहा कि कांग्रेस ने किशोर कुमार के गाने और देव आनंद की फिल्मों को प्रतिबंधित किया।
पीएम मोदी ने कहा, "आपातकाल में प्रसिद्ध कलाकार देव आनंद से कहा गया कि वे सार्वजनिक रूप से इसका समर्थन करें लेकिन जब उन्होंने इंकार कर दिया तो दूरदर्शन पर उनकी सभी फिल्मों को प्रतिबंधित कर दिया गया। किशोर कुमार ने कांग्रेस के लिए गाना गाने से मना किया तो आकाशवाणी पर उनके सभी गानों को प्रतिबंधित कर दिया गया।"
सत्ता सुख के लिए संविधान को कुचला गया: PM मोदी
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान आपातकाल का भी जिक्र किया और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस देश ने आपातकाल का दौर भी देखा है। संविधान की आत्मा को किस तरह से कुचला गया। वो भी सत्ता सुख के लिए किया गया। ये देश जानता है। इस दौरान सत्ता सुख के लिए संविधान को कुचला गया।
उन्होंने कहा, "आपातकाल में जॉर्ज फर्नांडिस समेत देश के अनेक महानुभावों को हथकड़ियां पहनाई गई थी, जंजीरों से बांधा गया था। संसद के सदस्य, देश के गणमान्य नेताओं को हथकड़ियों और जंजीरों से बांधा गया था।"
Advertisement
'लता मंगेशकर के भाई को आकाशवाणी से क्यों हटाया गया?'
पीएम मोदी ने कहा कि मजनू सुल्तानपुरी को कविता पढ़ने के लिए जेल में डाल दिया था। बलराज साहनी जैसे प्रसिद्ध अभिनेताओं और कवियों को केवल इसलिए जेल में डाल दिया गया क्योंकि उन्होंने कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था। लता मगेशकर के भाई हृदयनाथ मंगेशकर ने वीर सावरकर पर एक कविता लिखी थी और वे उसे आकाशवाणी पर गाना चाहते थे। उन पर आकाशवाणी से आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया।
कांग्रेस की राजनीति का मंत्र हमेशा दूसरे की लकीर छोटी करना- पीएम मोदी
पीएम ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति का मंत्र हमेशा दूसरे की लकीर छोटी करना रहा...इसके कारण उन्होंने सरकारों को अस्थिर किया। किसी भी राजनीतिक दल की सरकार कहीं बनी तो उसे अस्थिर कर दिया। कांग्रेस जो ये रास्ता चुना है उसके चलते लोकसभा चुनाव के बाद उनके साथ जो थे, वे भी भाग रहे हैं।