Palak Muchhal का नाम गिनीज बुक में दर्ज, अब तक 3800 से ज्यादा बच्चों की कराई हार्ट सर्जरी
Palak Muchhal: सिंगर पलक मुच्छल का गिनीज बुक में नाम शामिल हो गया है। उन्होंने अपने स्टेज शोज की कमाई से 3800 से ज्यादा बच्चों की हार्ट सर्जरी करवाई है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Palak Muchhal: बॉलीवुड की फेमस सिंगर पलक मुच्छल सिर्फ अपनी मीठी आवाज के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सामाजिक कामों के लिए भी जानी जाती हैं। हाल ही में पलक का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया गया है। इसके पीछे की वजह उनकी सिंगिग नहीं है, बल्कि उनका बड़ा दिल है, जिसने अब तक करीब 3800 से ज्यादा बच्चों की हार्ट सर्जरी करवाई है।
चैरिटी से दुनिया में बनाई अलग पहचान
पलक अपने भाई पलाश मुच्छल के साथ “पलक-पलाश चैरिटेबल फाउंडेशन” चलाती हैं। इस फाउंडेशन के जरिए वह जरूरतमंद बच्चों की सर्जरी का पूरा खर्च उठाती हैं। उन्होंने अपने स्टेज शोज और म्यूजिक इवेंट्स की कमाई का बड़ा हिस्सा दान के रूप में किया है। पलक का जन्म इंदौर में हुआ था, वह बचपन से ही मदद करने के लिए जानी जाती रही हैं। एक रेल जर्नी के दौरान गरीब बच्चों को देखकर उन्होंने ठान लिया था कि कभी न कभी मैं उनकी मदद जरूर करूंगी। उनका यही संकल्प आज एक ऐतिहासिक मुकाम बन चुका है।
कारगिल शहीदों और भूकंप पीड़ितों की भी की मदद
पलक न केवल बच्चों के लिए बल्कि समाज के बाकी के वर्गों की मदद में भी आगे रहती हैं। उन्होंने कारगिल शहीदों के परिवारों की सहायता की और गुजरात भूकंप पीड़ितों को 10 लाख रुपये का योगदान दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में भी पलक बच्चों के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं।
लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज हुआ नाम
‘मेरी आशिकी, कौन तुझे, प्रेम रतन धन पायो’ जैसे सुपरहिट गानों से अपने म्यूजिक मे करियर की ऊंचाइयों को छूने वाली पलक ने हमेशा अपनी कमाई को सामाजिक कामों में लगाया है। उनके योगदान के चलते उनका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी दर्ज किया गया है। पलक आज सिर्फ एक सिंगर ही नहीं, बल्कि इंसानियत की भी प्रेरणा बन चुकी हैं।