नशे में धुत ड्राइवर ने कार को मारी टक्कर, सड़क हादसे के बाद अब कैसी हैं एक्ट्रेस नोरा फतेही? VIDEO जारी कर खुद दिया हेल्थ अपडेट
नोरा फतेही ने बताया कि अब वो ठीक है। उन्होंने हादसे को लेकर जानकारी दी। साथ ही ड्रिंक एंड ड्राइव की सख्त निंदा की।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read
Nora Fatehi Car Accident: बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही को लेकर शनिवार (21 दिसंबर) को बुरी खबर आई। उनकी कार का मुंबई में एक्सीडेंट हो गया। ये हादसा उस वक्त हुआ जब वो शिवडी में चल रहे सनबर्न फेस्टिवल में डीजे डेविड गुएटा के साथ होने वाले कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने जा रही थीं।
मुंबई पुलिस के मुताबिक, शराब के नशे में धुत एक चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। लेकिन घबराने की कोई बात नहीं है। एक्ट्रेस बिल्कुल ठीक हैं और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
नोरा फतेही की हालत स्थिर- पुलिस
पुलिस ने आगे बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई। नशे में धुत ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है।
एक्ट्रेस ने दिया अपना हेल्थ अपडेट
एक्ट्रेस ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर वीडियो शेयर करते हुए बताया, 'मैं बताना चाहती हूं कि मैं ठीक हूं। शनिवार दोपहर को मेरी कार का बहुत गंभीर एक्सीडेंट हो गया था। नशे में धुत व्यक्ति ने मेरी गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मेरा सिर कार की खिड़की से टकराया। मैं जिंदा हूं और ठीक हूं। चोटी-मोटी चोटें, सूजन और सिर में हल्का दर्द है। मैं बहुत आभारी हूं।'
Advertisement
उन्होंने आगे नशे में गाड़ी चलाने की सख्त निंदा की और कहा कि ये पल उनके लिए बहुत डरावना और दर्दनाक रहा। इसके साथ ही उन्होंने उन फैंस का शुक्रिया अदा किया जो लगातार उनसे उनकी हालत के बारे में जानना चाह रहे थे।
फैंस ने ली राहत की सांस
एक्ट्रेस की एक्सीडेंट की खबर सुन उनके फैंस चिंता में डूब गए थे। साथ ही उनकी सलामती की दुआ मांग रहे थे। इस बीच नोरा के ठीक होने का पता चलते ही उनके चाहनेवालों ने राहत की सांस ली।
Advertisement
नोरा फतेही का करियर
नोरा फतेही के करियर की बात करें तो उन्होंने रियलिटी शो 'बिग बॉस' से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद अपने टैलेंट के दम वो धीरे-धीरे ऊंचाईया छूती गईं। आलम ये है कि आज वो बॉलीवुड में अपनी दमदार पहचान बना चुकी हैं।
नोरा अपने जबरदस्त और किलर डांस मूव्स के लिए जानी जाती हैं। इसके साथ-साथ वो एक्टिंग में भी सक्रिय हैं। साल 2014 में उन्होंने 'रोर' फिल्म से एक्टिंग में डेब्यू किया था। वो हिंदी के अलावा तेलुगू और मलयालम फिल्मों में भी अपना जादू चला चुकी हैं। हाल ही में एक्ट्रेस ने रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म 'जेलर 2' के एक स्पेशल गाने की शूटिंग पूरी की है।