Max Min and Meowzaki Trailer: ब्रेकअप के बाद कैसी होती है जिंदगी? 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' का ट्रेलर देख भावुक हुए लोग, कब रिलीज होगी फिल्म?
Max Min and Meowzaki Trailer: फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें ब्रेकअप के बाद की लाइफ के बारे में दिखाया जाएगा। आइए जानते हैं फिल्म की कहानी और इसकी रिलीज डेट।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Max Min and Meowzaki Trailer: आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में, जहां रिश्ते अक्सर जल्दबाजी में बनते और बिगड़ते हैं, वहां कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो अपनी सादगी से सीधे दिल को छू जाती हैं। ऐसी ही एक फिल्म फिल्म 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' है। एक्ट्रेस और निर्माता समीक्षा ओसवाल द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म उन रिश्तों की कहानी है जो धीरे-धीरे बिखर जाते हैं और उन लोगों की दास्तान है जो अपनों से दूर होकर भी आगे बढ़ने की हिम्मत जुटाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म की धूम
हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है, जो प्यार, बिछड़ने और साथ छूटने के दर्द को बहुत खूबसूरती से बयां करता है। इस फिल्म की चर्चा न केवल भारत में बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी खूब सुर्खियां बटोर रही है। बुसान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल से लेकर पाम स्प्रिंग्स, बर्लिन और कनाडा के आरआईएफएफए जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर इस फिल्म को सराहा जा रहा है।
प्यार और बिछड़ने की इमोशनल कहानी
फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी 'मैक्स, मिन एंड म्याऊजाकी' नाम के एक युवा जोड़े के इर्द-गिर्द घूमती है। जब जिंदगी के सफर में उनके रिश्ते में दरार आती है और मिन उन्हें छोड़कर चली जाती है, तो मैक्स पूरी तरह टूट जाता है। उसके जीवन में आए इस खालीपन को भरने और उसे फिर से जीने की सीख देने में मदद करती है म्याऊजाकी नाम की बिल्ली, जिसे कभी उन दोनों ने साथ मिलकर पाला था। यह फिल्म हमें यह एहसास दिलाती है कि प्यार कभी पूरी तरह खत्म नहीं होता, बस समय के साथ उसका रूप बदल जाता है।
स्टारकास्ट और फिल्म की रिलीज डेट
इस फिल्म में मेधा शंकर, सिद्धार्थ मेनन, आदिल हुसैन, मंदिरा बेदी, नासर, नफीसा अली और विधात्री बांदी जैसे मंझे हुए कलाकार मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। पद्मकुमार नरसिम्हा मूर्ति द्वारा निर्देशित और लिखित इस फिल्म का संगीत शेल ओसवाल ने तैयार किया है। समीक्षा ओसवाल और शेल ओसवाल द्वारा निर्मित यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।