इस मामले में दीपिका पादुकोण को खुलकर सपोर्ट करती हैं कंगना रनौत, क्वीन स्टार बोलीं- ये उनका हक है…
Kangana Ranaut-Deepika Padukone: दीपिका पादुकोण की 8 घंटे की शिफ्ट डिमांड को अब कंगना रनौत का सपोर्ट मिल गया है। उन्होंने कहा कि दीपिका ने ये कमाया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Kangana Ranaut-Deepika Padukone: दीपिका पादुकोण के फिल्म ‘स्पिरिट’ से निकलने के पीछे कई वजह सामने आई थीं जिसमें से एक वजह उनकी ‘8 घंटे की शिफ्ट वाली डिमांड’ भी थी। उनकी इस डिमांड को लेकर फिल्म इंडस्ट्री में खूब चर्चा हुई। किसी ने उनका सपोर्ट किया तो बहुत से लोगों ने दीपिका पर ही तंज कस दिया। हालांकि, अब उस मामले में पद्मावत स्टार को कंगना रनौत का सपोर्ट मिला है।
क्वीन स्टार ने समाचार एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू में बताया कि कैसे करियर की शुरुआत में वो और दीपिका दोनों ही काफी लंबे घंटे काम करने के लिए तैयार रहते थे लेकिन अब इतना हासिल करने के बाद दीपिका की ये डिमांड बेफिजूल नहीं है।
दीपिका पादुकोण को मिला कंगना रनौत का साथ
8 घंटे की शिफ्ट डिमांड पर कंगना का मानना है कि "इसे मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए क्योंकि जहां से दीपिका पादुकोण आई हैं, उन्होंने ये जगह कमाई है। उनकी एक बेटी हैं, अब वो मां बन चुकी हैं और टॉप की एक्ट्रेस हैं। अगर आज वह आठ घंटे काम करना चाहती हैं, तो उन्होंने इसे कमाया है।"
कंगना ने आगे कहा, “जब हम साथ थे, तब दीपिका ने बताया था कि वे इम्तियाज की फिल्म पर काम कर रही थीं और उनकी 12 घंटे की शिफ्ट थी। जब मैंने कहा कि ‘मैं सिर्फ 10 घंटे काम करती हूं’ तो वो बोलीं- ‘वाह, यह तो कमाल है’। तो एक समय ऐसा भी था जब हम 12-14 घंटे से कम काम करने को तैयार नहीं थे क्योंकि हम बेहद जोशीले थे। हम यही चाहते थे। हम पूरी तरह से जुट गए थे। हम ये हासिल करना चाहते थे। कामयाब होना चाहते थे और सब कुछ पाना चाहते थे”।
Advertisement
'दीपिका पादुकोण ने वो मुकाम हासिल किया'
कंगना रनौत ने कहा कि "जब आप इंडस्ट्री में नए आते हो तो अपनी जगह बनाने के लिए आप जमकर मेहनत करने को तैयार रहते हो। दीपिका, जिस मुकाम पर हैं… वो एक मां हैं। उन्हें अपने परिवार की देखभाल करनी है। उन्होंने वह मुकाम भी हासिल किया है जहां लोग कहेंगे, 'अरे रुकिए, मुझे तो वही चाहिए।' अगर वह आठ घंटे के लिए भी आती हैं तो कोई बात नहीं, क्योंकि हम उनके समय के हिसाब से काम करेंगे"।
एक्ट्रेस ने आगे कहा कि 'लोग फर्टिलिटी रेट और शादी टूटने को लेकर बात करते हैं, हम क्या कर रहे हैं? हम अपनी महिलाओं पर इतना दबाव डाल रहे हैं। बच्चों के साथ हम उनसे पहले से दोगुना काम करवा रहे हैं'।