IT रेड और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर भड़कीं रकुल प्रीत सिंह, कहा - 'किसी की छवि बिगाड़कर बिजनेस ना चलाएं'
अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह ने टैक्स चोरी और विदेश पैसे भेजने से जुड़ी सभी खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए एक आधिकारिक बयान जारी किया है। हाल ही में इनकम टैक्स विभाग द्वारा की गई छापेमारी की चर्चाओं के बीच, उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह से फर्जी, बेबुनियाद और भ्रामक करार दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और उनके ससुर वासु भगनानी बीते कुछ दिनों से सुर्खियों में बने हुए हैं। दरअसल, मीडिया में ऐसी खबरें सामने आई थीं कि टैक्स चोरी और फिल्मों के नाम पर विदेशों में पैसे भेजने के मामले में उनका नाम जुड़ा है, जिसके बाद इनकम टैक्स (IT) डिपार्टमेंट ने छापेमारी की थी। अब इन गंभीर आरोपों पर रकुल प्रीत सिंह ने चुप्पी तोड़ते हुए मीडिया को करारा जवाब दिया है।
'मैं सेना के परिवार से हूं, कड़ी मेहनत से मुकाम हासिल किया'
रकुल प्रीत सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल्स पर एक आधिकारिक बयान जारी कर सभी अफवाहों को खारिज किया है। उन्होंने मीडिया के एक वर्ग पर बिना फैक्ट चेक किए खबरों को सनसनीखेज बनाने का आरोप लगाया। एक्ट्रेस ने स्पष्ट किया, 'वह रेड मुझसे जुड़ी हुई नहीं थी। मैं एक आर्म्ड फोर्सेस बैकग्राउंड से आती हूं और इंडस्ट्री में मेरा कोई गॉडफादर नहीं रहा है। मैं कड़ी मेहनत से आगे बढ़ी हूं और 20 साल की उम्र से ही एक जिम्मेदार व कानून मानने वाली नागरिक की तरह नियमित रूप से अपना टैक्स भर रही हूं।'
बेनामी संपत्ति और अवैध लेन-देन के दावों को किया खारिज
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए रकुल ने साफ कहा कि वह किसी भी प्रोडक्शन हाउस के किसी भी प्रकार के अवैध विदेशी लेन-देन में शामिल नहीं हैं। उन्होंने कहा, 'देश या विदेश में मेरे पास किसी की कोई बेनामी संपत्ति नहीं है। न ही मुझे कभी कोई प्रॉपर्टी गिफ्ट में मिली है और न ही मैं सिद्धांतों के तौर पर ऐसे महंगे तोहफे स्वीकार करती हूं।'
मीडिया से झूठी खबरें हटाने की खास अपील
एक्ट्रेस ने उन सभी मीडिया संस्थानों से झूठी और मनगढ़ंत खबरें तुरंत हटाने की गुजारिश की है जिन्होंने बिना जांच-पड़ताल के यह रिपोर्ट छापी थी। रकुल ने मीडिया को नसीहत देते हुए कहा कि कमर्शियल प्रेशर के नाम पर किसी की इमेज और रोजी-रोटी से खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।
Advertisement
'रामायण' में नजर आएंगी रकुल प्रीत
वर्कफ्रंट की बात करें तो रकुल जल्द ही नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' में शूर्पणखा के अहम किरदार में नजर आने वाली हैं। इस मेगा-बजट फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। यह फिल्म दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
ये भी पढ़ें - Cheque Bounce Case: 5 करोड़ रुपये नहीं चुकाने पर राजपाल यादव को SC से कड़ी फटकार, कल तक पेमेंट करने का सख्त आदेश