Hrithik Roshan को नहीं मिल रहा मनपसंद काम, सोशल मीडिया पर सुनाया दुखड़ा, कहा- सब मुझे अच्छे आदमी...

Hrithik Roshan Instagram: ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर नया पोस्ट किया है। इसमें वह सड़कों पर नजर आ रहे हैं और काम न मिलने की बात लिखी है। इसके कमेंट सेक्शन में फिल्ममेकर सिद्धार्थ आनंद ने उन्हें बड़ा ऑफर दे डाला है।

Hrithik Roshan Instagram
Hrithik Roshan Instagram | Image: instagram

Hrithik Roshan Instagram: सुपरस्टार ऋतिक रोशन को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पर्दे पर अपनी दमदार एक्टिंग और डांस से लाखों दिलों पर राज करने वाले एक्टर इन दिनों अपने करियर को लेकर थोड़े परेशान चल रहे हैं। आम तौर पर जहां डायरेक्टर्स स्टार्स के चक्कर काटते हैं, वहीं एक्टर ने खुद सोशल मीडिया पर काम की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी पसंद के मुताबिक अच्छे रोल नहीं मिल रहे हैं, जिसकी वजह से वह काफी कशमकश में हैं। इसके साथ ही उनके पोस्ट में एक्टर के चाहने वाले कमेंट कर रहे हैं, जिसमें सिद्धार्थ आनंद के ऑफर ने सभी का ध्यान खींच लिए है।

ऋतिक को कैसे चाहिए किरदार

बीती रात ऋतिक रोशन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक फोटो शेयर की थी। इस तस्वीर में किसी सड़क पर कैप पहने और सफेद दाढ़ी वाले लुक में सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने जो कैप्शन लिखा, उसने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। उन्होंने अपने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में लिखा है कि उनसे हाल ही में किसी ने पूछा कि वह कैसा रोल करना चाहते हैं। इस पर सोचते हुए उन्हें अपनी फिल्म 'लक बाय चांस' का जफ्फर याद आ गया। इसी आगे ही उन्होंने इच्छा जताई कि वह वैसा ही कोई ग्रे या नेगेटिव शेड वाला किरदार निभाना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए यह भी कहा कि डायरेक्टर उन्हें हमेशा सिर्फ अच्छे और सीधे-साधे किरदारों में ही देखना चाहते हैं, जो कि बड़े दुख की बात है।

सिद्धार्थ आनंद ने दिया एक्टर का साथ

ऋतिक रोशन की इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई है। उनके फैंस इस बात से हैरान हैं कि इतने बड़े सुपरस्टार को भी रोल्स के लिए तरसना पड़ रहा है। इसी बीच मशहूर डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने ऋतिक की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा कि चलो फिर...। फिल्ममेकर के इस कमेंट के बाद से ही फैंस के बीच कयासों का बाजार गर्म हो गया है। लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि यह जोड़ी जल्द ही किसी बड़े और धमाकेदार प्रोजेक्ट के लिए साथ आ सकती है।

आने वाली फिल्में और पिछला रिकॉर्ड

अगर ऋतिक रोशन के वर्कफ्रंट की बात करें तो उन्हें आखिरी बार फिल्म 'वॉर 2' में देखा गया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई थी। फिलहाल वह अपनी ब्लॉकबस्टर सुपरहीरो फ्रेंचाइजी की अगली फिल्म 'कृष 4' पर काम कर रहे हैं, जिसका निर्देशन वह खुद संभाल रहे हैं। इसके अलावा उनके पास 'स्टोर्म' नाम की एक और फिल्म है। अब देखना यह होगा कि क्या 'कृष 4' या 'स्टोर्म' के जरिए ऋतिक का विलेन या ग्रे कैरेक्टर निभाने का सपना पूरा हो पाता है या नहीं।

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'मर्दों से नफरत है...' रोते हुए 'गंदी बात 3' एक्ट्रेस ने बयां किया दर्द

Published By:
 Kirti Soni
पब्लिश्ड