अपडेटेड 31 January 2025 at 10:00 IST
'चलो करते हैं फिर थोड़ी हेरा फेरी, आप तैयार हैं...'; Hera Pheri 3 से लौट रहे अक्षय-सुनील-परेश, ऐलान से गदगद हुए फैंस
Hera Pheri 3: अक्षय कुमार, परेश रावल और सुनील शेट्टी जल्द अपनी आइकॉनिक फ्रेंचाइजी हेरा फेरी के साथ लौट रहे हैं। प्रियदर्शन ने 'हेरा फेरी 3' का ऐलान कर दिया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Hera Pheri 3: बॉलीवुड फिल्ममेकर प्रियदर्शन (Priyadarshan) ने अपने 68वें बर्थडे पर फैंस को एक बड़ा तोहफा दिया है। वो अपनी सबसे सफल और आइकॉनिक फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी’ के साथ लौट रहे हैं। क्यों, हो गए ना सरप्राइज? डायरेक्टर ने आखिरकार फैंस की गुहार सुन ली है और अक्षय कुमार (Akshay Kumar), परेश रावल और सुनील शेट्टी के साथ “हेरा फेरी 3” बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
‘हेरा फेरी’ किसने नहीं देखी। जिसने नहीं देखी, उसने आधी फिल्म तो सोशल मीडिया के जरिए ही देख ली होगी। फिल्म का लगभग हर सीन आज मीम मैटरियल बन चुका है। सालों से दर्शकों के प्यार ने ‘हेरा फेरी’ को एक कल्ट क्लासिक बना दिया है। ऐसे में जैसे ही “हेरा फेरी 3” का ऐलान हुआ, सोशल मीडिया पर फिर से मीम्स की बाढ़ आ चुकी है।
“चलो करते हैं फिर थोड़ी हेरा फेरी 3”
ये शुरू हुआ खिलाड़ी कुमार से जिन्होंने एक फोटो के जरिए फिल्ममेकर प्रियदर्शन को जन्मदिन की बधाई दी थी। अक्षय इन दिनों प्रियदर्शन की फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग कर रहे हैं। अब डायरेक्टर ने बॉलीवुड सुपरस्टार को थैंक्यू कहते हुए कुछ ऐसा लिख दिया है जिसे देखने के लिए फैंस की आंखें तरस गई थीं।
प्रियदर्शन ने अक्की के बर्थडे पोस्ट को अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा है- “आपकी शुभकामनाओं के लिए बहुत बहुत धन्यवाद अक्षय कुमार। बदले में मैं आपको एक तोहफा देना चाहूंगा। मैं हेरा फेरी 3 करने के लिए तैयार हूं। क्या आप तैयार हैं अक्षय, सुनील शेट्टी और परेश रावल।"
Advertisement
बस फिर क्या था, डायरेक्टर के इतना कहने की देरी थी कि फैंस हैरान रह गए और खुशी के मारे झूमने लगे। फिल्म की स्टार कास्ट भी इस अनाउंसमेंट से फूली नहीं समा रही है। स्काई फोर्स फेम एक्टर पोस्ट को रीशेयर करते हुए लिखते हैं- “सर, बर्थडे आपका है और मुझे मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा तोहफा मिल गया। चलो करते हैं फिर थोड़ी हेरा फेरी”।
अन्ना उर्फ सुनील शेट्टी भी इस खबर पर रिएक्ट करने से खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने लिखा है- “हेरा फेरी और पूछ पूछ। चलो करते हैं शुरू”।
Advertisement
हेरा फेरी फ्रेंचाइजी
‘हेरा फेरी’ फ्रेंचाइजी 2000 में शुरू हुई थी जिसने भारतीय सिनेमा के इतिहास में कॉमेडी फिल्म जॉनर में एक अलग ही नाम कमा लिया है। फिल्म में अक्षय कुमार ने राजू, सुनील शेट्टी ने श्याम और परेश रावल ने बाबू भैया की भूमिका निभाई थी। फिर छह साल बाद इसका सीक्वल ‘फिर हेरा फेरी’ आया और इसे भी दर्शकों ने उतना ही प्यार दिया। ये फ्रेंचाइजी कितनी आइकॉनिक है, इस बात का अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि इसका एक-एक डायलॉग आज भी फैंस को मुंह जुबानी याद है।
Published By : Sakshi Bansal
पब्लिश्ड 31 January 2025 at 10:00 IST