'हमारा प्यार सच्चा था', नम आंखों और भरे गले से हेमा मालिनी ने किया धर्मेंद्र को याद, दिल्ली की प्रेयर मीट में बेटियां भी हुईं भावुक- VIDEO
Dharmendra: धर्मेंद्र की याद में हेमा मालिनी ने दिल्ली में एक प्रेयर मीट रखी, जहां कई हस्तियों ने पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रेयर मीट के दौरान हेमा थोड़ी इमोशनल होती नजर आईं, फिर बेटी ईशा और अहाना देओल ने मां को संभाला।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Dharmendra Prayer Meet: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र को गुजरे हुए 20 दिन के करीब होने को हैं। एक्टर ने 24 नवंबर को अंतिम सांस ली थी। उनकी याद में मुंबई के बाद अब दिल्ली में एक प्रेयर मीट का आयोजन किया गया। ये प्रार्थना सभा उनकी पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी के साथ दोनों बेटियों ईशा देओल और अहाना देओल ने रखी थी। यहां कई दिग्गज हस्तियों ने पहुंचकर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि दी। इस प्रेयर मीट में एक्टर की याद में हेमा मालिनी से लेकर ईशा और अहाना भावुक होती नजर आईं। उनकी आंखें नम हो गईं।
धर्मेंद्र लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे थे। उन्होंने 24 नवंबर को 89 साल की उम्र में मुंबई स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। इससे पहले वो काफी समय तक अस्पताल में भी भर्ती रहे थे।
प्रेयर मीट में हेमा मालिनी और बेटियां हुई इमोशनल
धर्मेंद्र के यूं दुनिया से चले जाने से उनके परिवारवालों और फैंस को गहरा सदमा लगा। दिल्ली में आयोजित प्रेयर मीट में ऐसे कई मौके आए, जब धर्मेंद्र को याद करते हुए हेमा मालिनी और उनकी बेटियां ईशा और अहाना इमोशनल हो गईं।
दिल्ली में आयोजित प्रेयर मीट में हेमा मालिनी ने कहा, "आज के इस प्रार्थना सभा में आप सबका स्वागत करते हुए मैं बहुत ही भावुक हो रही हूं। मैंने ये कभी नहीं सोचा था कि मेरी जिंदगी में ऐसा एक पल आएगा, जब मुझे भी शोक सभा रखनी होगी और वो भी मेरे धर्मेंद्र जी के लिए।" इतना बोलने के बाद हेमा मालिनी के आंखें नम हो गईं। इस दौरान उनके साथ खड़ी बेटियों ने हेमा को संभाला।
Advertisement
हर क्षण, हर कदम पर खड़े रहे- हेमा मालिनी
उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया धर्मेंद्र के निधन पर शोक मना रही है, लेकिन मेरे लिए यह एक ऐसा सदमा है जिसे भुलाया नहीं जा सकता। एक ऐसे जोड़ी का टूटना, जिसने समय की कसौटी पर खुद को साबित किया था। धर्मेंद्र जी का एक बहुत ही विशाल व्यक्तित्व है, जिसकी कोई सीमा नहीं। वो बहुत ही सरल, सहज, हसमुख और मिलनसार थे। प्रसिद्धता के शिखर पर होते हुए भी वो कभी अपने आप को अलग नहीं समझे। वो हमेशा जमीन से जुड़े हुए थे। यही उनका गुण सभी को भाता था। वो किसी भी वर्ग के लोग हो, बड़े- छोटे, अमीर- गरीब, अपना-पराया... सबके साथ प्यार, मोहब्बत और सम्मान के साथ वो बात करते थे।"
हेमा ने आगे कहा, “जिस शख्स के साथ मैंने कई फिल्मों में प्यार का अभिनय किया, वहीं मेरे जीवनसाथी बन गए। हमारा प्यार सच्चा था, तो हममें किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए हिम्मत थी और हम दोनों ने शादी की। वो मेरे लिए एक बहुत ही समर्पित जीवनसाथी बने। वो मेरे लिए प्रेरणायक, एक मजबूत स्तंभ बनकर हर क्षण, हर कदम पर खड़े रहे। मेरे हर निर्णय में उनकी सहमति रही।”
Advertisement
धर्मेंद्र की याद में दिल्ली में रखी गई इस प्रेयर मीट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत, अनुराग ठाकुर समेत कई बड़ी हस्तियां पहुंची और उन्हें श्रद्धांजलि दी।