आंखों से दुनिया भले न दिखे, पर सुरों से बना दिया सबको मुरीद...जानिए कौन हैं 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान' गाने वाले सुनील लोधी
फिल्म 'हनुमान अंश' के लोकप्रिय गाने 'मैंने तुम्हारे भरोसे हनुमान...' को अपनी आवाज देने वाले युवा गायक सुनील लोधी मध्य प्रदेश के सागर जिले के अगरा गांव के मूल निवासी हैं। यह फिल्म और उनका गाना बॉक्स ऑफिस तथा सोशल मीडिया पर काफी सफल रहा है, जिससे उन्हें देश भर में बड़ी पहचान मिली है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

मध्य प्रदेश के सागर जिले के छोटे से गांव अगरा के रहने वाले जो देख नहीं सकता है,लेकिन अपने सुरों से सभी को अपना फैन बना दिया। जिनका नाम है सुनिल लोधी जो आज अपनी जादुई आवाज के दम पर पूरे देश में छाए हुए हैं।फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय भजन ‘मैंने तुम्हारे भरोसे हनुमान, सागर में नैया डाल दई’ ने उनकी किस्मत के दरवाजे खोल दिए हैं। बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले और जन्म से दृष्टिबाधित सुनील का यह सफर किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। कभी ट्रेनों और स्थानीय स्तर पर गाने वाले सुनील के पास अब बॉलीवुड फिल्मों के ऑफर आ रहे हैं और उनके लाइव शो भी बुक हो रहे हैं।
संघर्षों से भरा शुरुआती जीवन
जैसीनगर ब्लॉक के अगरा गांव के एक साधारण परिवार में जन्मे सुनील चार भाई-बहनों में सबसे बड़े हैं। उनके पिता के पास मात्र एक एकड़ जमीन है, जिससे परिवार का गुजारा बेहद मुश्किल से होता था। कठिन परिस्थितियों के बीच सुनील ने लता मंगेशकर के ट्रैक्स को सुनकर गाना शुरू किया। शुरुआत में वे गांव के छोटे-मोटे कार्यक्रमों में भजन गाते थे। एक समय ऐसा भी आया जब कड़े संघर्ष और आर्थिक तंगी के कारण वे बेहद निराश हो गए थे। जीवन में आए इस निराशाजनक दौर में उनके दोस्त रोहित ने उन्हें संभाला और हर कदम पर उनका साथ देकर उन्हें टूटने नहीं दिया।
सोशल मीडिया ने बदली तकदीर
सुनील की प्रतिभा को सोशल मीडिया के जरिए नई पहचान मिली। पहले सागर के अंकित पांडे और फिर इंदौर के पंकज पीवीआर के संपर्क में आने के बाद उन्होंने पेशेवर रिकॉर्डिंग के साथ अपने गाने दुनिया के सामने रखे। उनका भजन ‘मोरे संकट के कटैया’ सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ। इसके बाद वे मुंबई के प्रसिद्ध ऊं साईं राम स्टूडियो पहुंचे।वहां वर्सोवा बीच से इंस्टाग्राम पर डाली गई उनकी एक तस्वीर को देखकर निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने उनसे संपर्क किया और उन्हें अपने स्टूडियो बुलाकर फिल्म ‘हनुमान अंश’ में गाने का यह सुनहरा मौका दिया।