Abhinandan Varthaman: पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले 'हीरो' विंग कमांडर अभिनंदन का IAF से रिटायरमेंट, जानें अब कौन सी करेंगे जॉब

ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना (IAF) से 22 वर्षों की उत्कृष्ट सेवा के बाद प्रीमेच्योर रिटायरमेंट ले लिया है। अब वे नागरिक उड्डयन क्षेत्र में कदम रखते हुए रीजनल एयरलाइन 'फ्लाई 91' (Fly91) के साथ बतौर कमर्शियल पायलट अपनी नई पेशेवर पारी की शुरुआत करेंगे।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Abhinandan Varthaman: पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले 'हीरो' विंग कमांडर अभिनंदन का IAF से रिटायरमेंट, जानें अब कौन सी करेंगे जॉब
Abhinandan Varthaman: पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले 'हीरो' विंग कमांडर अभिनंदन का IAF से रिटायरमेंट, जानें अब कौन सी करेंगे जॉब | Image: X

2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के एफ-16 फाइटर जेट को अपने मिग-21 बाइसन से हवा में ही ढेर करने वाले वीर चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना को अलविदा कह दिया है। वायुसेना में लगभग 22 साल का शानदार और गौरवशाली सफर पूरा करने के बाद उन्होंने इसी साल मार्च 2026 में प्रीमेच्योर रिटायरमेंट ले लिया है। अब वह अपनी जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत करने जा रहे हैं और जल्द ही एक कमर्शियल पायलट के रूप में नजर आएंगे।

पाकिस्तानी सीमा में जा गिरे थे अभिनंदन

27 फरवरी 2019 को भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हवाई संघर्ष के दौरान अभिनंदन वर्धमान श्रीनगर एयरबेस की 51वीं स्क्वाड्रन में विंग कमांडर के पद पर तैनात थे। उन्होंने अपनी अद्भुत सूझबूझ और बहादुरी का परिचय देते हुए पाकिस्तानी वायुसेना के अत्याधुनिक एफ-16 विमान को मार गिराया था। इस भीषण डॉग फाइट के दौरान उनका अपना मिग-21 बाइसन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान के क्रैश होने से पहले उन्होंने सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर लिया था, लेकिन पैराशूट के जरिए उतरते वक्त वे नियंत्रण रेखा (एलओसी) से करीब 7 किलोमीटर दूर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के भीमबेर जिले के होर्रान गांव में जा पहुंचे थे, जहां पाकिस्तानी सैनिकों ने उन्हें अपनी हिरासत में ले लिया था।

देशभर में बने थे अदम्य साहस के प्रतीक

भारत सरकार के कड़े रुख और अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते पाकिस्तान को कुछ ही दिनों बाद उन्हें सकुशल भारत को सौंपना पड़ा था। स्वदेश वापसी के बाद अभिनंदन पूरे देश में अदम्य साहस और वीरता के प्रतीक बन गए थे। उनकी इस ऐतिहासिक और साहसिक उपलब्धि के लिए उन्हें देश के तीसरे सबसे बड़े युद्धकालीन वीरता पुरस्कार 'वीर चक्र' से सम्मानित किया गया। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए मई 2019 में उनका ट्रांसफर राजस्थान के सूरतगढ़ एयरबेस पर कर दिया गया था, जहां उन्होंने अपनी ड्यूटी फिर से शुरू की और नवंबर 2021 में उन्हें प्रमोट कर ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया।

अब फ्लाई 91 एयरलाइन के साथ जुड़ेंगे अभिनंदन

भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति के बाद अब ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान सिविल एविएशन की दुनिया में अपनी नई पारी की शुरुआत करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने देश की प्रमुख रीजनल एयरलाइन 'फ्लाई 91' के साथ हाथ मिलाया है। एयरलाइन प्रबंधन ने भी उनके कंपनी से जुड़ने की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। फ्लाई 91 मुख्य रूप से देश के टियर-2 और टियर-3 श्रेणी के लगभग 12 छोटे और मझोले शहरों के बीच अपनी विमान सेवाएं संचालित करती है। इनमें गोवा, कोच्चिन, हैदराबाद, बेंगलुरु, लक्षद्वीप, पुणे, अगाती और हुबली जैसे महत्वपूर्ण शहर शामिल हैं। अब देश के इस प्रतिष्ठित हीरो को इन क्षेत्रीय रूट्स पर कमर्शियल विमानों की कमान संभालते हुए देखना देशवासियों के लिए एक बेहद गर्व का क्षण होगा।

Advertisement

ये भी पढ़ें - Indian Railway Ticket Rule: आई-टिकट या ई-टिकट? ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करते समय भूलकर भी न करें ये गलती, भरना पड़ सकता है भारी जुर्माना
 

Published By:
 Aarya Pandey
पब्लिश्ड