BO Collection: 'पेद्दी' और 'है जवानी तो इश्क होना है' के आगे बॉक्स ऑफिस पर फेल हुई 'बंदर', जानें तीनों फिल्मों के आंकड़े
Box Office Collection: राम चरण की 'पेद्दी' और वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखा रही है। वहीं बॉबी देओल की 'बंदर' कमाई के मामले में सुस्त पड़ती नजर आ रही है। यहां पढ़ें तीनों फिल्मों के आंकड़े।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Box Office Collection: सिनेमाघरों में 5 जून को रिलीज हुई वरुण धवन की 'है जवानी तो इश्क होना है' और बॉबी देओल की 'बंदर' के बीच बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला जारी है। वरुण धवन की फिल्म जहां टिकट खिड़की पर शानदार कमाई कर रही है, वहीं बॉबी देओल की फिल्म को दर्शकों के लिए तरसना पड़ रहा है। आइए जानते हैं तीनों फिल्मों ने अब तक कितनी कमाई की है।
वरुण की फिल्म का दो दिनों का कलेक्शन
डेविड धवन के निर्देशन में बनी रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर इस फिल्म ने पहले दिन 7.50 करोड़ रुपये के साथ शुरुआत की थी। दूसरे दिन फिल्म ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका दो दिनों का कुल कलेक्शन 13.75 करोड़ रुपये हो गया है। वर्ल्डवाइड कलेक्शन 19.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
बॉबी देओल की बंदर का बॉक्स ऑफिस पर हाल
दूसरी तरफ अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी बॉबी देओल की फिल्म 'बंदर' बॉक्स ऑफिस पर ढेर होती दिख रही है। सान्या मल्होत्रा और सबा आजाद जैसे सितारों से सजी इस फिल्म ने पहले दिन महज 50 लाख रुपये की बेहद धीमी शुरुआत की थी। दूसरे दिन फिल्म की कमाई में थोड़ा सुधार हुआ और इसने 77 लाख रुपये बटोरे। इस तरह यह फिल्म दो दिनों में केवल 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार ही कर पाई है।
राम चरण की 'पेद्दी' से मुकाबला
हिंदी बॉक्स ऑफिस पर आगे चल रही वरुण की फिल्म को साउथ सुपरस्टार राम चरण की फिल्म 'पेद्दी' से कड़ी टक्कर मिल रही है, जिसने शनिवार को 19.96 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की है। इसके अलावा 'है जवानी तो इश्क होना है' विवादों में भी है। पूजा एंटरटेनमेंट ने फिल्म में 1999 की हिट फिल्म 'बीवी नंबर 1' के गाने का गलत इस्तेमाल करने के आरोप में डेविड धवन और टिप्स इंडस्ट्रीज पर 400 करोड़ रुपये का मुकदमा दर्ज कराया है।