काजोल-ऐश्वर्या थीं 'गदर' की पहली पसंद, अमरीश पुरी के कारण चमकी थी अमीषा पटेल की किस्मत; डायरेक्टर ने खोला सालों पुराना राज
Gadar Film Casting: फिल्म की 'गदर' के लिए डायरेक्टर की पहली पसंद ऐश्वर्या या काजोल थीं, लेकिन एक कारण की वजह से उन्हें कास्टिंग में बदलाव करने पड़े थे।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

साल 2001 में आई सनी देओल की फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में सनी देओल के साथ-साथ अमीषा पटेल के 'सकीना' वाले किरदार ने भी दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।
लेकिन, क्या आप जानते हैं कि इस आइकॉनिक रोल के लिए अमीषा पटेल मेकर्स की पहली पसंद नहीं थीं? हाल ही में फिल्म के डायरेक्टर अनिल शर्मा ने सालों पुराना राज खोलते हुए बताया है कि कैसे अमरीश पुरी की वजह से यह रोल अमीषा पटेल की झोली में आ गिरा।
काजोल और ऐश्वर्या राय थीं पहली पसंद
एक पॉडकास्ट में बात करते हुए अनिल शर्मा ने खुलासा किया कि 'सकीना' के रोल के लिए सबसे पहले काजोल और ऐश्वर्या राय जैसी बड़ी अभिनेत्रियों से संपर्क किया गया था। कई बड़े सितारों ने कहानी तो सुनी, लेकिन उन्होंने फिल्म करने से मना कर दिया।
इसके पीछे कई मुख्य कारण थे। उस दौर में ओवरसीज यानी विदेशी मार्केट का काफी चलन था। एक्टर्स ऐसी फिल्में नहीं करना चाहते थे जिससे पाकिस्तानी दर्शकों की भावनाएं आहत हों। यह एक 'पीरियड फिल्म' थी। उस वक्त के कलाकारों को फिल्मों में ग्लैमर चाहिए था, जो गदर की स्क्रिप्ट में नहीं था। कुछ अभिनेत्रियां शायद सनी देओल या खुद अनिल शर्मा के साथ काम करने में झिझक रही थीं।
Advertisement
अमरीश पुरी या बड़ी हीरोइन?
जब बड़ी अभिनेत्रियों से बात नहीं बनी, तो मेकर्स के सामने एक और बड़ी चुनौती खड़ी हो गई और वो था बजट। फिल्म को प्रोड्यूस कर रही कंपनी ने अनिल शर्मा से साफ कह दिया था कि फिल्म के बजट का एक बड़ा हिस्सा सनी देओल की फीस में जा चुका है। अब बचे हुए पैसों में या तो किसी बड़ी हीरोइन को साइन किया जा सकता है या फिर दिग्गज अभिनेता अमरीश पुरी को।
अनिल शर्मा ने बिना कोई देरी किए अमरीश पुरी को चुना। उनका मानना था कि फिल्म में 'पाकिस्तान' का दमदार रूप दिखाने के लिए अमरीश पुरी का होना बहुत जरूरी है। उन्होंने मेकर्स से कहा, "मैं हीरोइन तो कोई नई लड़की ले लूंगा, जो इस फिल्म के बाद अपने-आप स्टार बन जाएगी।"
Advertisement
ऐसे हुई 'सकीना' यानी अमीषा पटेल की एंट्री
बड़ी हीरोइन का आइडिया ड्रॉप करने के बाद, एक नए चेहरे की तलाश शुरू हुई। अनिल शर्मा और उनकी टीम ने करीब 400 से 500 लड़कियों का ऑडिशन लिया। इन ऑडिशन्स के बाद अमीषा पटेल को 'सकीना' के रोल के लिए फाइनल किया गया। दिलचस्प बात यह है कि उस समय तक अमीषा पटेल की डेब्यू फिल्म 'कहो ना प्यार है' भी रिलीज नहीं हुई थी।
अनिल शर्मा बताते हैं कि अमीषा ने इस रोल के लिए जी-तोड़ मेहनत की और खुद को पूरी तरह से 'सकीना' में ढाल लिया। यह उनकी उसी मेहनत का नतीजा है कि आज भी दर्शक उन्हें सकीना के रूप में याद करते हैं।
अमीषा पटेल के करियर पर अनिल शर्मा की राय
अमीषा ने अपने करियर की शुरुआत 'कहो ना प्यार है' और 'गदर' जैसी दो ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्मों से की थी, लेकिन बाद में उनका करियर उस ऊंचाई पर नहीं रह सका।
जब अनिल शर्मा से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही सादगी से जवाब दिया कि जिंदगी कब क्या रुख लेगी, यह कोई नहीं जानता। इंसान की सफलता और असफलता के पीछे कई बार उसकी अपनी गलतियां होती हैं, कई बार हालात जिम्मेदार होते हैं और कई बार यह सब किस्मत का खेल होता है।