अपडेटेड 1 February 2026 at 18:00 IST
रोहित शेट्टी, दिशा पटानी से लेकर करण औजला तक... वो 7 हस्तियां जिनके घर हुई कई राउंड फायरिंग
हाल के वर्षों में रोहित शेट्टी, दिशा पाटनी, करण औजला, कपिल शर्मा, एल्विश यादव जैसे सेलिब्रिटीज के घर या संपत्ति पर फायरिंग की कई घटनाएं हुईं। ज्यादातर केस में गैंगस्टर गोल्डी ब्रार और लॉरेंस बिश्नोई से जुड़ी धमकियां या एक्सटॉर्शन मनी की मांग शामिल।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

शनिवार 31 जनवरी 2026 की देर रात बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी की। हमलावरों ने घर के पास कम से कम चार गोलियां चलाईं। इस गोलीबारी की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के माध्यम से लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई। इस घटना से रोहित शेट्टी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई हैं। जुहू के पॉश इलाके में स्थित 10 मंजिला रिहायशी इमारत 'शेट्टी टावर्स' के बाहर भारी सुरक्षा तैनात कर दी गई है। इस हमले ने एक बार फिर मशहूर हस्तियों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं को उजागर किया है, खासकर हाल के वर्षों में इसी तरह की गोलीबारी की घटनाओं के बाद।
सेलिब्रिटी जिनके घर हुई फायरिंग हुई
पिछले कुछ सालों में बॉलीवुड और पंजाबी इंडस्ट्री के कई बड़े नामों के घरों या बिजनेस पर फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं। ये घटनाएं अक्सर धमकियों, गैंगवार या व्यक्तिगत विवादों से जुड़ी बताई जाती हैं। इनमें से ज्यादातर मामलों में कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन सेलिब्रिटी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
रोहित शेट्टी
फरवरी 2026 की शुरुआत में मुंबई के जुहू इलाके में रोहित शेट्टी के घर (शेट्टी टावर्स) के बाहर अज्ञात हमलावरों ने 4 से 5 राउंड फायरिंग की। यह घटना आधी रात के आसपास हुई। किसी को कोई चोट नहीं आई, लेकिन लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी ली और धमकी दी कि अगली बार निशाना सीधा होगा।
Advertisement
दिशा पाटनी
सितंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के बरेली में दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर दो बाइक सवार हमलावरों ने 8-10 राउंड फायर किए। गोल्डी बरार गैंग ने जिम्मेदारी ली और दावा किया कि यह दिशा की बहन खुशबू पाटनी के कुछ बयानों के जवाब में था। परिवार के सदस्य घर में थे, लेकिन कोई घायल नहीं हुआ। बाद में पुलिस एनकाउंटर में कुछ आरोपियों को मार गिराया गया।
कपिल शर्मा
2025 में कपिल शर्मा के कनाडा के सरे, ब्रिटिश कोलंबिया में नए रेस्तरां 'कप्स कैफे' पर हमलावरों ने फायरिंग की। यह घटना आधी रात के समय हुई। हमले के वक्त स्टाफ वहां मौजूद थे, लेकिन कोई चोट नहीं आई।
Advertisement
एल्विश यादव
अगस्त 2025 में गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर के बाहर तीन बाइक सवार हमलावरों ने 2 दर्जन से ज्यादा राउंड फायर किए। एल्विश उस समय घर पर नहीं थे, लेकिन परिवार मौजूद था। गोलियां जमीन और पहली मंजिल पर लगीं। कोई घायल नहीं हुआ और हमलावर फरार हो गए।.
गिप्पी ग्रेवाल
नवंबर 2023 में कनाडा में वैंकूवर के पास व्हाइट रॉक में गिप्पी ग्रेवाल के घर के बाहर फायरिंग हुई। लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी ली और गिप्पी को चेतावनी दी कि वे किसी खास एक्टर की तारीफ बंद करें। किसी को कोई चोट नहीं आई।
करण औजला
पंजाबी सिंगर करण औजला ने खुलासा किया कि कनाडा में उनके घर पर कम से कम छह बार फायरिंग हुई। ये घटनाएं एक्सटॉर्शन और धमकियों से जुड़ी थीं। एक बार तो 3 बजे रात में गोलीबारी हुई। उन्होंने कहा कि कनाडा में लकड़ी के घरों में गोलियां आसानी से आर-पार हो जाती हैं। बाद में वे दुबई शिफ्ट हो गए और पंजाब को कनाडा से ज्यादा सुरक्षित बताया।
सिद्धू मूसेवाला
29 मई, 2022 को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की पंजाब के जवाहरके गांव में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने इस हमले की योजना बनाई थी और उनके साथियों ने इसे अंजाम दिया था।
ये घटनाएं सेलिब्रिटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं। ज्यादातर मामलों में गैंगस्टरों ने एक्सटॉर्शन मनी मांगी। सेलिब्रिटी अब ज्यादा सतर्क रहने लगे हैं।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 1 February 2026 at 18:00 IST