Diljit Dosanjh: ‘हम पंजाब की गोद से…’; बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए दिलजीत, गोद लिए 10 गांव, वीडियो में की ये अपील
Diljit Dosanjh on Punjab Flood: दिलजीत दोसांझ ने गुरदासपुर और अमृतसर के 10 गांवों को गोद लिया है जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। उनकी टीम लगातार उन पीड़ित लोगों की मदद कर रही है जिनके घर बाढ़ में बह गए हैं।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Diljit Dosanjh on Punjab Flood: पंजाबी स्टार दिलजीत दोसांझ ने हाल ही में पंजाब बाढ़ से प्रभावित 10 गांवों को गोद लिया है। उन्होंने एक NGO के साथ मिलकर ये बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में, सिंगर ने अब एक वीडियो के जरिए पंजाब के लगातार बिगड़ते हालातों पर चिंता जताई है।
बता दें कि दिलजीत दोसांझ ने गुरदासपुर और अमृतसर के 10 गांवों को गोद लिया है जो बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित हैं। उनकी टीम लगातार उन पीड़ित लोगों की मदद कर रही है जिनके घर बाढ़ में बह गए हैं। काफी लोगों ने अपनी जान गंवा दी। अपनों को खो दिया।
पंजाब बाढ़ पर दिलजीत दोसांझ ने जताई चिंता
चमकीला स्टार दिलजीत दोसांझ ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कहा कि पूरा देश पंजाब बाढ़ से पीड़ित लोगों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य में हालात काफी बेकार हैं, बाढ़ में लोगों के घर बह गए। फसलें बर्बाद हो गईं। पशु मर गए। लोगों की जिंदगी बर्बाद हो गई। पंजाब जख्मी है लेकिन हारा नहीं है।
दिलजीत ने आगे कहा कि हम पंजाब की गोद से उठे हैं, पंजाब ने हमें गोद लिया है और हमें पंजाब की गोद में ही मरना है। हम पीड़ितों से कहना चाहते हैं कि हम उनके साथ हैं। ऐसा नहीं है कि राशन पानी देकर ये बात खत्म हो जाएगी। सिंगर ने कहा कि जबतक पंजाब के लोगों की जिंदगी फिर से शुरू नहीं हो जाती, तबतक सब उनके साथ हैं।
Advertisement
'सब पंजाब की मदद के लिए तैयार हैं'
पंजाबी एक्टर ने कहा कि पंजाब के लोकल NGO, लोकल मीडिया और वहां के युवा अच्छा काम कर रहे हैं। ग्राउंड लेवल पर राहत का काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनके बस में जो हो पा रहा है, वो उनकी मदद के लिए कर रहे हैं। उनकी टीम बाकी लोगों और कंपनी से भी मदद मांग रही है। दिलजीत ने कहा कि सब पंजाब की मदद के लिए तैयार हैं। जल्दी इस सिचुएशन से बाहर आ जाएंगे। उन्होंने अंत में प्रार्थना की कि सबको इस मुसीबत से बाहर आने की शक्ति मिले।
गौरतलब है कि इससे पहले इंस्टाग्राम पर दिलजीत की टीम ने कहा था कि वे भोजन, पानी और चिकित्सा सहायता जैसी जरूरी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं। साथ ही वो उन लोगों के भी रहने का इंतजाम कर रहे हैं जिन्होंने इस प्राकृतिक आपदा में अपने घर खो दिए।