Dhurandhar vs Mera Lyari: रहमान डकैत के ल्यारी की तस्वीर साफ करने की कोशिश! पाकिस्तानी फिल्म 'मेरा ल्यारी' का ट्रेलर रिलीज; जानिए कहानी
Dhurandhar vs Mera Lyari: फिल्म 'धुरंधर' में रहमान डकैत की ल्यारी का हिंसक तस्वीर दिखाई गई है। अब पाकिस्तान उसे अपनी फिल्म 'मेरा ल्यारी' से साफ करने की कोशिश में जुटा हुआ है। इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिससे आने वाली फिल्म की पूरी कहानी का सार मिल गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 2 min read

Dhurandhar vs Mera Lyari: आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ में कराची के पास स्थित ल्यारी शहर को हिंसा और अपराध के नजरिए से दिखाया गया है। इसके बाद पाकिस्तान में काफी नाराजगी देखने को मिली थी। अब इसी विवाद के बीच पाकिस्तान ने ‘मेरा ल्यारी’ नाम की फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसे शहर की इमेज को सुधारने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। आइए आपको बताते हैं कि क्या है इस फिल्म की कहानी।
ल्यारी विवाद और ‘मेरा ल्यारी’ की एंट्री
‘धुरंधर’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में ल्यारी को हिंसा और अपराध से जुड़ा दिखाया गया था, जिस पर पाकिस्तान की आम जनता, राजनेताओं और कुछ फिल्ममेकर्स ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि ल्यारी को गलत तरीके से पेश किया गया है और यह शहर अपनी संस्कृति और शांति के लिए जाना जाता है। इसी के जवाब में ‘मेरा ल्यारी’ बनाने का ऐलान किया गया था, जिसमें शहर की असली तस्वीर दिखाने का दावा किया गया है।
‘मेरा ल्यारी’ का ट्रेलर
हाल ही में रिलीज हुए ‘मेरा ल्यारी’ के 1 मिनट 43 सेकंड के ट्रेलर में समाज की कुरीतियों जैसे घरेलू हिंसा और भेदभाव को दिखाया गया है। ट्रेलर में एक लड़की की कहानी दिखाई गई है जो फुटबॉल के प्रति अपने जुनून को हर मुश्किल के बावजूद जिंदा रखती है। वह अपने सपनों को पूरा करने के लिए काफी स्ट्रगल करती है। इसके साथ ही एक महिला फुटबॉल ट्रेनर की कहानी भी दिखाई गई है, जिसे घर में नौकरी छोड़ने के लिए प्रताड़ित किया जाता है, लेकिन वह अपने काम के प्रति समर्पित रहती है।
‘धुरंधर 2’ का बॉक्स ऑफिस जलवा
वहीं दूसरी ओर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ अब भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। रिलीज के 38 दिन बाद भी फिल्म ने वीकेंड पर 3.54 करोड़ रुपये की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का कुल कलेक्शन 1,127.14 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। ग्लोबल स्तर पर यह फिल्म 1,824 करोड़ रुपये कमा चुकी है और दुनिया भर में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों की सूची में दूसरे स्थान पर है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर आमिर खान की ‘दंगल’ है, जिसने 1,968 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।