'चाकू लगा था, तो ऊपर वाले ने बचा लिया, मगर हमारी गोली...', बिग बी के बाद अब सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी मर्डर केस से कनेक्शन
बॉलीवुड सितारों को जान से मारने की धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। अमिताभ बच्चन, आयुष्मान खुराना, तुषार कपूर और टाइगर श्रॉफ के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिली है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के आरोपी जीशान अख्तर का नाम सामने आया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

बॉलीवुड गलियारों में एक बार फिर दहशत का माहौल है। फिल्मी सितारों को जान से मारने की धमकी मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमिताभ बच्चन (बिग बी), आयुष्मान खुराना, तुषार कपूर और टाइगर श्रॉफ के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिलने की खबर सामने आई है। इस मामले में बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांटेड आरोपी जीशान अख्तर का नाम जुड़ने से मुंबई क्राइम ब्रांच पूरी तरह अलर्ट हो गई है।
बाबा सिद्दीकी केस के आरोपी से जुड़ा लिंक
सूत्रों के मुताबिक, सैफ अली खान को कथित तौर पर जीशान अख्तर की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। जीशान अख्तर पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में मुख्य वांटेड आरोपियों में से एक है और उसका संबंध कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बताया जाता है। हाई-प्रोफाइल नाम जुड़ने के कारण सुरक्षा एजेंसियां इस धमकी को बेहद गंभीरता से ले रही हैं और सैफ अली खान की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
पहले भी कई सितारे बन चुके हैं निशाना
यह पहला मौका नहीं है जब बॉलीवुड सेलेब्स को इस तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा हो। इससे पहले अमिताभ बच्चन, टाइगर श्रॉफ, आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर जैसे बड़े कलाकारों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। लगातार मिल रही इन धमकियों ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है।
AI का इस्तेमाल कर धमकाने वाला IIT ग्रेजुएट हुआ था गिरफ्तार
मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले मामलों का जिक्र करते हुए बताया कि आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को मिली धमकियों की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ था। पुलिस ने उस मामले में बेंगलुरु से 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था। पेशे से IIT ग्रेजुएट वैभव का किसी भी आपराधिक गिरोह या अंडरवर्ल्ड से कोई संबंध नहीं था। वह केवल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल कर सितारों और पुलिस एजेंसियों को परेशान कर रहा था।
Advertisement
असली गैंगस्टर या कोई शरारत? जांच में जुटी क्राइम ब्रांच
पिछले अनुभवों को देखते हुए मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच इस नए मामले में हर पहलू से जांच कर रही है। साइबर सेल की मदद से धमकी भेजने वाले के आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट खंगाले जा रहे हैं। पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि यह धमकी वाकई लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे जीशान अख्तर ने दी है, या फिर कोई शरारती तत्व उसके नाम और तकनीक का दुरुपयोग कर सनसनी फैलाने की कोशिश कर रहा है।
ये भी पढ़ें - 'अखिलेश यादव में आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं...', सपा प्रमुख की अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर बोले CM योगी