Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद भड़के बाबा सिद्दीकी के जीशान, इंसाफ का इंतजार कर रहे बेटे ने पूछा- कब मिलेगी सुरक्षा, जब गोली...

Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी का गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए सवाल किया है कि लगातार मिल रही धमकियों के बाद भी सुरक्षा क्यों नहीं बढ़ाई जा रही है?

Baba Siddique Salman Khan Zeeshan Siddique
Baba Siddique Salman Khan Zeeshan Siddique | Image: ANI/Republic

Zeeshan Siddique: मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले ने एक बार फिर पूरी फिल्म इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। इससे पहले, मुंबई की सड़कों पर सलमान खान के बेहद करीबी राजनेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम हत्या कर दी गई थी। पिता की मौत के दो साल बाद भी इंसाफ की आस लगाए बैठे जीशान सिद्दीकी ने टाइगर पर हुए हमले को लेकर अपना कड़ा गुस्सा जाहिर किया है।

इस हमले पर बाबा सिद्दीकी के बेटे और NCP MLC जीशान सिद्दीकी ने कहा कि मुंबई में अगर सेलिब्रिटी ही सुरक्षित नहीं है तो आम जनता कैसे रहेगी? उन्होंने कहा कि पिता की मौत के दो साल बाद भी उन्हें इंसाफ नहीं मिला है। वे आज भी इंतजार में हैं।

बाबा सिद्दीकी के बेटे का छलका दर्द

उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से बात करते हुए कहा, 'चाहे बिश्नोई गैंग हो या कोई और जिसमें अनमोल बिश्नोई भी शामिल है, हमने हर संभव कोशिश की है। मैंने और मेरे परिवार ने अमेरिकी सरकार से अपील की है कि वे अनमोल बिश्नोई को भारत वापस लाने में मदद करें। इसके बावजूद मुंबई पुलिस को उससे पूछताछ करने का मौका तक नहीं मिला है। जहां तक लॉरेंस बिश्नोई की बात है, तो मुझे लगता है कि वह अभी गुजरात की किसी जेल में बंद है। हम पुरजोर मांग करते हैं कि उससे भी पूछताछ की जाए। अगर ऐसे दावे हैं कि वह मेरे पिता की हत्या में शामिल था, तो यह पता लगाना बहुत जरूरी है कि इसका मास्टरमाइंड कौन था। अगर मुंबई में अभिनेता, राजनेता और कारोबारी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता कैसे सुरक्षित रह सकती है? मैं एक विधायक हूं, जनता के बीच जाता हूं। इस दौरान मैं उन्हें कैसे आश्वस्त कर सकता हूं कि वे सुरक्षित हैं, जब मैं खुद ही सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहा हूं।'

'गोली मार दी जाएगी, तब सुरक्षा मिलेगी?'

उन्होंने आगे कहा, 'पिछले दो महीनों में मुझे चार बार धमकियां मिली हैं, फिर भी मेरी सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई है। क्या सरकार इस बात का इंतजार कर रही है कि जीशान सिद्दीकी को गोली मार दी जाए, तब वे सुरक्षा बढ़ाने के बारे में सोचेंगे? यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और मेरा मानना ​​है कि सरकार को सबसे कड़े कदम उठाने चाहिए।'

Advertisement

टाइगर पर हमले को बताया इंटेलिजेंस फेलियर

जीशान ने कहा कि टाइगर श्रॉफ और रोहित शेट्टी जैसे बड़े कलाकारों पर आए दिन फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं, जो सीधे तौर पर हमारा इंटेलिजेंस फेलियर है। मुंबई पुलिस को पूरे विश्व में एक खास दर्जा दिया गया है, लेकिन अगर मुंबई पुलिस के होते हुए भी यह सब हो रहा है, तो पुलिस प्रशासन और सरकार को इसका जवाब देना ही होगा। जब तक हमें ठोस जवाब नहीं मिलता, तब तक सिर्फ खोखले आश्वासनों से कुछ नहीं होने वाला है।

सलमान खान के करीबी थे बाबा सिद्दीकी

सोशल मीडिया पर सामने आए कथित दावे में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों ने टाइगर पर हमले की जिम्मेदारी ली है। इसके साथ ही सलमान खान के साथ काम करने वालों को भी धमकी दी है।

Advertisement

बता दें कि मुंबई में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। माना जाता है कि उनकी हत्या के पीछे सलमान खान से उनकी गहरी नजदीकी भी एक बड़ी वजह थी। बाबा सिद्दीकी और सलमान खान के बीच बेहद करीबी रिश्ता था; दोनों अक्सर सार्वजनिक आयोजनों में साथ नजर आते थे। इतना ही नहीं, बाबा सिद्दीकी सलमान खान के पूरे परिवार के भी काफी करीब थे। बाबा सिद्दीकी की इफ्तार पार्टियां हमेशा से सलमान की मौजूदगी के लिए चर्चा में रहती थीं। लेकिन 12 अक्टूबर 2024 को बाबा सिद्दीकी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था।

यह भी पढ़ें: 'कहीं भी छिपे हों, ढूंढ निकालेंगे', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में एक्शन में CM फडणवीस, विपक्ष पर भी किया पलटवार, अपने गिरेबान में झांके
 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड