अरिजीत सिंह ने किया 'INDIA TOUR 2027' का ऐलान, जानिए किन-किन शहरों में होगा लाइव शो; यहां मिलेंगी टिकट
अरिजीत सिंह ने अपने इंडिया टूर का ऐलान किया है। जो अगले साल यानी कि 2027 में होगा। जिसमें दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरें शामिल हैं। जहां आप लाइव कॉन्सर्ट देख सकेंगे।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

भारतीय संगीत की दुनिया के बेताज बादशाह और अपनी जादुई आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले लीजेंडरी सिंगर अरिजीत सिंह ने अपने फैंस को एक बेहद रोमांचक खुशखबरी दी है। प्यार, दर्द और हर जज्बात को अपनी आवाज में पिरोने वाले अरिजीत ने सोमवार को अपने 9 शहरों के सबसे बड़े 'इंडिया टूर' का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। साल 2027 में आयोजित होने वाले ये भव्य स्टेडियम-स्तर के कॉन्सर्ट उनके शानदार संगीत करियर के 20 बेमिसाल सालों का जश्न मनाने के लिए रखे जा रहे हैं।
प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास और सोलो करियर का नया आगाज
यह टूर इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि इसी साल जनवरी में अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास की घोषणा कर पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री और फैंस को चौंका दिया था। उस वक्त उन्होंने यह साफ किया था कि अब वह खुद को एक सोलो आर्टिस्ट के तौर पर एक्सप्लोर करना चाहते हैं और अपनी संगीत यात्रा को एक नया आयाम देना चाहते हैं। उनका यह अपकमिंग इंडिया टूर उसी स्वतंत्र और रोमांचक सफर की एक धमाकेदार शुरुआत माना जा रहा है।
20 सालों की सुरीली यादें और चार्टबस्टर गानों की लाइव सौगात
जनवरी 2027 से शुरू होकर मई 2027 तक चलने वाले इस मेगा टूर में फैंस को अरिजीत के सबसे बेहतरीन गानों का लाइव अनुभव मिलेगा। इस म्यूजिकल जर्नी में वह 'अगर तुम साथ हो', 'तुम ही हो', 'विदा करो' जैसे कई एवरग्रीन चार्टबस्टर गाने गाकर लाइव ऑडियंस को मंत्रमुग्ध करेंगे।
फैंस के प्यार पर अरिजीत के दिल की बात
अपने इस ऐतिहासिक टूर को लेकर अरिजीत सिंह खुद भी बेहद उत्साहित हैं। भावुक होते हुए उन्होंने एक बयान में कहा, “संगीत की दुनिया में मेरे 20 सालों के इस सफर के लिए मैं बहुत आभारी हूं। सबसे अहम बात यह है कि यह हमेशा श्रोता ही रहे हैं, जिन्होंने मेरे इन गानों को अपनी खुद की जिंदगी दी है। मैं वाकई पूरा देश घूमकर उस प्यार को सीधे स्टेज से महसूस करने के लिए बेताब हूं। ऐसे बहुत सारे गाने हैं, बहुत सारी अनमोल यादें हैं और ढेरों लोग हैं, जिनसे मिलने के लिए मैं बेचैन हूं।”
Advertisement
मल्टी-लेवल स्टेज, भव्य कॉन्सर्ट और टिकट बुकिंग
इस ऐतिहासिक टूर को 'टीम इनोवेशन्स' द्वारा प्रोड्यूस और प्रमोट किया जा रहा है। फैंस को बता दें कि इन शोज की टिकटें एक्सक्लूसिव तौर पर सिर्फ 'thumpN' प्लेटफॉर्म पर ही उपलब्ध होंगी।
अरिजीत का यह म्यूजिकल कारवां
देश के प्रमुख शहरों जैसे कि अहमदाबाद, चंडीगढ़, जयपुर, मुंबई, बेंगलुरु, नई दिल्ली, पुणे और इंदौर से गुजरेगा। इन शहरों में स्टेडियम लेवल के महा-कॉन्सर्ट होंगे, ताकि फैंस एक साथ आ सकें। कॉन्सर्ट के अनुभव को विश्व-स्तरीय बनाने के लिए एक खास 'मल्टी-लेवल स्टेज' तैयार की जाएगी, जिससे निकलकर एक लंबा रैम्प सीधा ऑडियंस के बीच तक जाएगा। इसका मकसद यह है कि दर्शक अपने चहेते रॉकस्टार को बेहद करीब से महसूस कर सकें।