अपडेटेड 16 August 2024 at 12:55 IST
ऐसी सजा हो कि... अनुपम खेर, ऋतिक से लेकर करीना तक, कोलकाता रेप-मर्डर केस पर फूटा सेलेब्स का गुस्सा
बॉलीवुड सेलेब्स अनुपम खेर, आलिया भट्ट, परिणीति चोपड़ा, करीना कपूर, ऋतिक रोशन समेत अन्य ने कोलकाता कांड पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Bollywood on Kolkata Rape-Murder Case: कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद हत्या मामले ने देशभर को झकझोर कर रख दिया है। इस जुर्म को सुनने वालों की रूह कांप उठी है। इतना ही नहीं हर कोई सिर्फ दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रहा है। बॉलीवुड सेलेब्स अनुपम खेर, आलिया भट्ट, परिणीति चोपड़ा, करीना कपूर, ऋतिक रोशन समेत अन्य ने भी जघन्य कांड पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए इस अपराध को मानवता को सदा के लिए शर्मिंदा करने वाला अपराध बताया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘आवाज उठाइये!! हर हालत में आवाज उठाइये! कोलकाता की डॉक्टर बच्ची के साथ जो घिनौना, रूह को हिला देने वाला और मानवता को सदा के लिए शर्मिंदा करने वाला अपराध हुआ है। उसके खिलाफ आवाज उठाइये।’
ऋतिक रोशन बोले- ऐसी सजा हो कि…
ऋतिक रोशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- हां, हमें एक ऐसे समाज में विकसित होने की जरूरत है जहां हम सभी समान रूप से सुरक्षित महसूस करें। लेकिन इसमें दशकों का समय लगेगा। उम्मीद है कि यह हमारे बेटे-बेटियों को संवेदनशील और सशक्त बनाने के साथ ही संभव होगा। अगली पीढ़ियां बेहतर होंगी। हम वहां पहुंचेंगे। लेकिन इस बीच क्या होगा? अभी न्याय के लिए ऐसे अत्याचारों पर कठोर रोक लगाना ही होगा। और ऐसा करने का एकमात्र तरीका ऐसी सजा देना है जो इतनी कठोर हो कि ऐसे अपराधियों के अंदर डर समा जाए। हमें यही चाहिए। शायद?
आज भी कुछ नहीं बदला- आलिया भट्ट
आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट में लिखा- 'एक और ब्रूटल रेप। एक और दिन... जब हमें इस बात का एहसास कराया गया कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। एक और दिल दहला देने वाली घटना, हमें याद दिलाने के लिए कि एक दशक से ज्यादा हो गया (निर्भया रेप केस को) लेकिन आज भी कुछ नहीं बदला।'
Advertisement
‘12 साल बाद भी, वही कहानी... और वही प्रोटेस्ट…’
करीना कपूर ने बीते दिन सोशल मीडिया पर इस केस की तुलना 12 साल पहले हुए निर्भया मामले से की। उन्होंने एक पोस्ट में लिखा- '12 साल बाद भी, वही कहानी... और वही प्रोटेस्ट है। लेकिन हम अब भी बदलाव का इंतजार कर रहे हैं।'
परिणीति चोपड़ा क्या बोलीं?
परिणीति चोपड़ा ने इंस्टा स्टोरी शेयर कर लिखा- 'जिस दिन महिलाएं रात में सड़क पर बेखौफ होकर चल सकेंगी, उस दिन हम कह पाएंगे कि भारत स्वतंत्र हो गया है।'
Advertisement
क्या है पूरी वारदात
9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई थी। अगली सुबह वह सेमिनार हॉल में मृत पाई गई। परिवार ने आरोप लगाया कि पीड़िता के साथ बलात्कार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई। फिलहाल मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 16 August 2024 at 12:55 IST