अपडेटेड 15 August 2024 at 17:11 IST
'12 साल बाद भी...', कोलकाता कांड पर खौला बॉलीवुड सितारे का खून, पूछा- कब होंगी महिलाएं सुरक्षित?
आयुष्मान खुराना ने एक ऐसी कविता पढ़ी, जिसे सुन हर कोई इमोशनल हो गया। तो करीना कपूर ने निर्भया कांड का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल बाद भी कुछ नहीं बदला।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Bollywood on Kolkata Rape-Murder Case: कोलकाता में आरजी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में महिला डॉक्टर के साथ जो हैवानियत हुई, उसने पूरे देश को झकझोर दिया है। हर कोई इस वक्त यही सवाल उठा रहा है कि एक ओर तो आज हम आजादी का जश्न मना रहे हैं। देश को आजाद हुए 78 साल हो गए, लेकिन अबतक देश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हो पाई हैं।
वहीं, बॉलीवुड सितारों का भी गुस्सा इस घटना पर फूट रहा है। तमाम सेलेब्स सवाल उठाते नजर आ रहे हैं कि कब हमारे देश में महिलाएं सुरक्षित होंगी। आलिया भट्ट से लेकर आयुष्मान खुराना, ऋचा चड्ढा, करीना कपूर खान, प्रीति जिंटा, परिणीति चोपड़ा और सोनाक्षी सिन्हा समेत कई सेलेब्स ने इस घटना पर दुख जाहिर किया।
जहां एक्टर आयुष्मान खुराना ने एक ऐसी कविता पढ़ी, जिसे सुन हर कोई इमोशनल हो गया। तो करीना कपूर ने निर्भया कांड का जिक्र करते हुए कहा कि 12 साल बाद भी कुछ नहीं बदला। आइए बताते हैं कि किसने क्या कहा...?
प्रीति जिंटा ने महिलाओं की सुरक्षा पर उठाए सवाल
कोलकाता रेप-मर्डर कांड पर एक्ट्रेस प्रीति जिंटा ने पोस्ट किया और लिखा कि हम दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। चुनाव में जहां महिला वोटर्स बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। ऐसे में अब समय आ गया है कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। न्याय कभी तेज नहीं होता, सजा कभी कठोर नहीं होती और लोगों को कभी जवाबदेह नहीं ठहराया जाता। बहुत सी महिलाएं अपनी गरिमा और अपना जीवन खो देती हैं और इसका वास्तव में कोई महत्व नहीं है जब तक कि आपके साथ ऐसा न हो।
Advertisement
'12 साल बाद भी बदलाव का इंतजार कर रहे हैं हम'
करीना कपूर खान पीड़िता के लिए इंसाफ की आवाज उठाते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट किया और लिखा, "12 साल बाद भी वहीं कहानी और वहीं प्रदर्शन और हम अब भी बदलाव का इंतजार करते हुए।"
दर्दनाक घटना पर आलिया भट्ट का फूटा गुस्सा
महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत भरी दर्दनाक घटना पर एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने गुस्सा छलका किया और कहा, "एक और बलात्कार। यह एहसास होने का एक और दिन कि महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।" इस दौरान उन्होंने साल 2012 के निर्भया कांड को याद किया है कहा, "यह एक और भयानक अत्याचार है जो हमें यह बताता है कि निर्भया केस को एक दशक से ज्यादा समय हो गया है, फिर भी कुछ भी नहीं बदला है।"
Advertisement
परिणीति ने की इंसाफ की मांग
इस दुखद घटना पर बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा का भी दर्द छलका। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को कोलकाता रेप केस की न्यूज पढ़ने में तकलीफ हो रही है। सोचिए उस महिला डॉक्टर के लिए ये सब कैसा रहा होगा। बेहद ही घिनौना। परिणीति ने इस दौरान आरोपी को फांसी देने की भी मांग की।
आयुष्मान ने पढ़ी कविता
इसके अलावा कोलकाता रेप कांड पर भावुक होते हुए आयुष्मान खुराना ने एक कविता पढ़ी, जिसका शीर्षक है 'काश मैं भी लड़का होती।' इस कविता का हर एक शब्द लोगों को इमोशनल कर रहा है।
महिला डॉक्टर के साथ ये दर्दनाक घटना 9 अगस्त को घटी। 31 साल की ट्रेनी डॉक्टर अस्पताल में मृत पाई गई। बाद में पता लगा कि उसकी बेरहमी से हत्या होने के साथ उसका रेप भी किया गया।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 15 August 2024 at 17:11 IST