'सांस दबा देंगे...', अब आमिर खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से मिली धमकी, गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी पर नहीं थम रहा विवाद
गौरी स्प्रैट संग तीसरी शादी के बाद विवादों में घिरे आमिर खान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जान से मारने की धमकी मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में उन पर 'लव जिहाद' को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
- मनोरंजन समाचार
- 3 min read

Aamir Khan news: गौरी स्प्रैट संग शादी के बाद बॉलीवुड एक्टर आमिर खान विवादों में घिरे हैं। उनकी शादी को 'लव जिहाद' बताया जा रहा है। अब एक्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के भी निशाने पर आ गए हैं। बिश्नोई गैंग की ओर से आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई ने उन्हें धमकी दी है। इस दौरान कहा गया कि आमिर जैसे लोग देश में लव जिहाद को बढ़ावा दे रहे हैं।
सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो शेयर करके आमिर खान को यह धमकी दी है। हालांकि, हम इसकी पुष्टि नहीं करते।
धमकी वाले पोस्ट में क्या लिखा है?
धमकी वाले इस पोस्ट में लिखा है, "जय श्री राम, जय सीता राम। मैं आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई (लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप)... ये जो हमारी संस्कृति के खिलाफ हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोग इसको बढ़ावा दे रहे हैं। हम इस कृत्य को बर्दाश्त नहीं करेगे और इसका जवाब बहुत जल्द इसको दे दिया जाएगा।"
पोस्ट में इसे सनातन धर्म और इसे देश के खिलाफ बताया गया है। साथ ही यह भी लिखा कि हमारा हमारे भाई-बहनों और देशवासियों से वादा है की जो भी इन घटिया हरकतों को बढ़ावा देगा उसको हम अपने तरीके से जवाब देंगे। ये जो स्टारडम के नाम पर इस चीज को बढ़ावा दे रहे है, इनकी हम सांसे दबा देंगे।
Advertisement
मुंबई पुलिस को नहीं मिली शिकायत
आमिर खान को बिश्नोई गैंग से धमकी मिलने के मामले में मुंबई पुलिस को अब तक कोई शिकायत नहीं मिली है। मुंबई पुलिस ने साफ किया कि अब तक आमिर खान या उनकी टीम से कोई शिकायत नहीं आई है। पुलिस को भी मीडिया से फेसबुक और वॉइस नोट के जरिए कथित धमकी की जानकारी मिली है, जिसे वे वेरीफाई कर रहे हैं। आमिर खान की ओर से शिकायत मिलने पर मामला दर्ज किया जा सकता है।
शादी के बाद से विवादों में घिरे हैं आमिर
5 जुलाई 2025 को एक्टर ने गौरी स्प्रैट संग 'स्पेशल मैरिज एक्ट' के तहत कोर्ट मैरिज की। दूसरे धर्म की महिला से शादी करने की वजह से इस रिश्ते को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं। आमिर खान की शादी के खिलाफ बजरंग दल ने सड़कों पर उतरकर भारी विरोध प्रदर्शन किया है। वहीं दूसरी ओर, उनके खिलाफ एक फतवा भी जारी हो चुका है।
Advertisement
इन आरोपों पर आमिर ने साफ किया कि उनकी तीनों शादियों में किसी भी पत्नी ने अपना धर्म नहीं बदला है। उनकी शादियां कानून के हिसाब से 'सिविल मैरिज' (रजिस्टर मैरिज) थीं। साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं। एक्टर ने कहा कि उनका परिवार हमेशा से अलग-अलग धर्मों का सम्मान करता आया है। उनकी अपनी बेटी इरा की शादी एक हिंदू से हुई है और उनकी दोनों बहनें ने भी हिंदू परिवारों में विवाह रचाया है। उनके कजिन मंसूर खान की पत्नी भी ईसाई हैं।
सलमान खान भी बिश्नोई गैंग के निशाने पर
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान पिछले काफी समय से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके सिंडिकेट के सीधे निशाने पर हैं। साल 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर बिश्नोई समाज की कथित धार्मिक भावनाओं का हवाला देकर यह गैंग सलमान की जान के पीछे हाथ धोकर पड़ा है। एक्टर को पिछले कुछ सालों में ईमेल, चिट्ठियों और फोन कॉल्स के जरिए कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। इतना ही नहीं, उनके बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग भी की गई थी।