West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के ऐलान का काउंटडाउन शुरू, दो से तीन चरणों में हो सकते हैं इलेक्शन
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर ताजा जानकारी सामने आई है कि चुनाव आयोग बंगाल में 2 से लेकर 3 चरणों में चुनाव कराने को लेकर प्लानिंग कर रहा है। चुनाव आयोग के पश्चिम बंगाल दौरे के बाद तुरंत चुनाव को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जा सकती है। जानें पश्चिम बंगाल में चुनाव को लेकर क्या कुछ चल रहा है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। चुनाव आयोग ने राज्य प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी है कि चुनाव प्रक्रिया में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कोलकाता में उच्चस्तरीय बैठक में राज्य पुलिस के कानून-व्यवस्था प्रमुख विनीत गोयल से तीखे सवाल किए। साथ ही नारकोटिक्स एडवाइजरी बोर्ड न बनने पर भी नाराजगी जताई की।
बैठक में चुनावी तैयारियों के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई। चुनाव आयोग ने रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया, एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, सीमा शुल्क, उत्पाद शुल्क और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो जैसी केंद्रीय एजेंसियों को भी सतर्क रहने की सलाह दी। आयोग का साफ कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए EC की तैयारिया शुरू
मुख्य चुनाव आयुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि चुनाव से जुड़ी हर गतिविधि का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जा रहा है। जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस कमिश्नर और बाकी वरिष्ठ अधिकारी अपने दायित्व पूरी गंभीरता से निभाएं। चुनाव के बाद किसी हिंसा या अव्यवस्था पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी और इसे सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बैठक के बाद चुनाव आयोग की टीम ने जिला मजिस्ट्रेटों से अलग चर्चा की और जमीनी स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया। चुनाव आयोग की फुल बेंच पश्चिम बंगाल के दौरे पर है। यहां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा हो रही है। विपक्षी दल पहले ही कम चरणों में मतदान और हिंसा-मुक्त चुनाव की मांग कर चुके हैं।
पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर होगी वोटिंग
ताजा जानकारी ये सामने आई है कि बंगाल में चुनाव 2 से 3 चरणों में कराए जा सकते हैं। आयोग के पश्चिम बंगाल के इस दौरे के बाद तुरंत तारीखों का ऐलान संभव है। 13 से 15 मार्च के बीच चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम के बारे में जानकारी दे सकता है। राज्य की 294 सीटों के लिए वोटिंग होनी है। फिलहाल कोई तारीख सामने नहीं आई है लेकिन अप्रैल-मई 2026 में चुनाव होने की संभावना है। बतादें वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 7 मई 2026 को खत्म हो रहा है।