अपडेटेड 20 November 2024 at 10:09 IST

Uttarakhand: केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी

Uttarakhand: केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है।

Follow : Google News Icon  
Lok Sabha elections
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: PTI/ Representative

Uttarakhand: उत्तराखंड में केदारनाथ विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान शुरू हो गया, जहां सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी दल कांग्रेस एक बार फिर सीधे मुकाबले में हैं।

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ विधानसभा सीट इस साल जुलाई में भाजपा विधायक शैला रानी रावत के निधन के कारण रिक्त हुई है।

उखीमठ के उप जिलाधिकारी और केदारनाथ सीट के निर्वाचन अधिकारी अनिल शुक्ला ने बताया कि सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा।

केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र के लिए 173 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें से 130 पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

Advertisement

मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) वीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि इससे ‘वेबकास्टिंग’ के जरिए लगातार मतदान केंद्र की निगरानी जिला एवं मुख्य निर्वाचन कार्यालय और निर्वाचन आयोग से होती रहेगी।

विधानसभा क्षेत्र में 90,875 मतदाता हैं जिसमें 45,956 महिला मतदाता शामिल हैं। उपचुनाव का नतीजा 23 तारीख को घोषित होगा।

Advertisement

इस सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा से आशा नौटियाल और कांग्रेस से मनोज रावत को मिलाकर कुल छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। नौटियाल और रावत दोनों पूर्व में भी केदारनाथ विधानसभा का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

वर्ष 2017 में केदारनाथ सीट से पहली बार विधायक बने 54 वर्षीय रावत को 2022 के विधानसभा चुनावों में तीसरे स्थान पर रहना पड़ा था। नौटियाल दो बार - 2002 और 2007 केदारनाथ सीट से विधायक रह चुकी हैं जबकि 2012 में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा था। पचपन वर्षीय नौटियाल फिलहाल प्रदेश पार्टी महिला मोर्चा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

भाजपा के सामने जहां इस सीट को अपने कब्जे में बनाए रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस बदरीनाथ के बाद एक बार फिर केदारनाथ में भाजपा को पटखनी देने के मूड में है।

ये भी पढ़ें: Skin Care: रसोई में रखी इन चीजों को लगाने से खिल उठेगा चेहरा, बदल जाएगी स्किन की काया

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 20 November 2024 at 10:09 IST