UP By Election: मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर कहां फंसा पेच? EC ने क्यों नहीं की उपचुनाव की घोषणा
केंद्रीय चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 10 में से 9 सीटों पर चुनाव की तारीख 13 नवंबर तय की गई है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

UP By-Election: केंद्रीय चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। राज्य में 10 में से 9 सीटों पर चुनाव की तारीख 13 नवंबर तय की गई है। वहीं एक सीट मिल्कीपुर पर चुनाव की घोषणा नहीं की गई है। यूपी की 9 सीटों पर 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 23 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।
दरअसल, यूपी के मिल्कीपुर में उपचुनाव की घोषणा इसलिए नहीं हुई क्योंकि बीजेपी के पूर्व विधायक बाबा गोरखनाथ ने 2022 में चुनाव जीते सपा विधायक अवधेश प्रसाद के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है, जो कि लंबित है। कोर्ट में याचिका लंबित होने की वजह से मिल्कीपुर में चुनाव का ऐलान नहीं किया गया है।
चुनाव आयोग ने किया 9 सीटों पर उपचुनाव का ऐलान
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों में से 9 सीटों पर चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। जिन 9 सीटों पर 13 नवंबर को चुनाव का ऐलान किया गया है उनमें मैनपुरी की करहल सीट, कानपुर की सीसामऊ सीट, प्रयागराज की फूलपुर सीट, अंबेडकरनगर की कटेहरी सीट, मिर्जापुर की मांझवा सीट, अलीगढ़ की खैर सीट, गाजियाबाद की सदर सीट, मुरादाबाद की कुंदरकी सीट औक मुजफ्फरनगर की मीरापुर सीट शामिल है। अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर चुनाव का ऐलान नहीं हुआ है।
Advertisement
आपको बता दें कि राज्य की जिन 10 सीटों पर चुनाव होना है उनमें से 5 पर समाजवादी पार्टी, 3 भारतीय जनता पार्टी, एक निषाद पार्टी और एक सीट राष्ट्रीय लोकदल ने जीती थी।
क्यों हो रहे हैं यूपी में उपचुनाव?
Advertisement
उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं उनमें कटेहरी (अंबेडकर नगर), करहल (मैनपुरी), मिल्कीपुर (अयोध्या), मीरापुर (मुजफ्फरनगर), गाजियाबाद, मझवां (मिर्जापुर), सीसामऊ (कानपुर शहर), खैर (अलीगढ़), फूलपुर (प्रयागराज) और कुंदरकी (मुरादाबाद) शामिल है। मगर मिल्कीपुर सीट पर अभी अंतिम फैसला होना बाकी है। 10 में से नौ सीटें इसी साल जून में सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में इनके विधायकों के सांसद चुने जाने के बाद खाली हुई थीं। वहीं, सीसामऊ सीट पर सपा विधायक इरफान सोलंकी को एक आपराधिक मामले में दोषी ठहराये जाने के चलते उनकी सदस्यता रद्द किये जाने के कारण उपचुनाव हो रहे हैं।