'एक हैं तो सेफ हैं... आज देश का महामंत्र बन गया', BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बोले PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है 'एक हैं तो सेफ हैं।'
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

PM Modi address: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति अलायंस की बंपर जीत के बाद BJP कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि महराष्ट्र में सुशासन की जीत हुई और झूठ, छल, फरेब बुरी तरह हारा है। नेगिटिव पॉलिटिक्स की पराजय हुई है। परिवारवाद की हार हुई है।
महाराष्ट्र ने विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत किया है। मैं देशभर के, BJP और NDA के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत बहुत बधाई देता हूं।
‘हरियाणा-महाराष्ट्र चुनाव का सबसे बड़ा संदेश- एकजुटता’
BJP हेडक्वार्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने एक बार फिर 'एक हैं तो सेफ हैं' का नारा दोहराया। PM मोदी ने कहा कि हरियाणा के बाद महाराष्ट्र चुनाव का भी सबसे बड़ा संदेश 'एकजुटता' है। उन्होंने इस दौरान कहा कि एक हैं तो सेफ हैं... ये आज देश का महामंत्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसका इको सिस्टम ने सोचा था कि संविधान के नाम पर झूठ बोलकर, आरक्षण के नाम पर झूठ बोलकर, SC-ST और OBC को छोटे छोटे समूह में बांद देंगे। वो सोचते थे कि सब बिखर जाएंगे। कांग्रेस और उसके साथियों की साजिश को महाराष्ट्र ने सिरे से खारिज कर दिया है।
Advertisement
‘महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है एक हैं तो सेफ हैं’
पीएम मोदी ने कहा कि महाराष्ट्र ने डंके की चोट पर कहा है 'एक हैं तो सेफ हैं।' उन्होंने कहा कि एक हैं तो सेफ हैं के भाव ने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के नाम पर लड़ाने वालों को सबक सिखाया है। समाज के हर वर्ग ने भाजपा-NDA को वोट दिया। ये कांग्रेस और इंडी गठबंधन के उस पूरे इको सिस्टम की सोच पर करारा प्रहार है, जो समाज को बांटने का एजेंडा चला रहे थे।
महाराष्ट्र ने NDA को इसलिए भी प्रचंड बहुमत दिया क्योंकि हम विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चलते हैं। BJP और मेरे लिए छत्रपति शिवाजी महाराज आराध्य पुरुष हैं। धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज हमारी प्रेरणा हैं। हमने हमेशा बाबा साहेब अंबेडकर, महात्मा फुले-सावित्री बाई फुले... इनके सामाजिक न्याय के विचार को माना है, यही हमारे आचार में है, यही हमारे व्यवहार में है। संस्कृतियों व इतिहास का सम्मान हमारे संस्कार में है, हमारे स्वभाव में है।