जो मेरा जोश पूछ रहे उन्हें... अमेठी से हार के बाद स्मृति ईरानी का पहला रिएक्शन, लिखा भावुक पोस्ट
Amethi Election Result 2024: अमेठी से पिछले दो बार की सांसद स्मृति ईरानी की करारी हार ने सबको हैरान कर दिया। अमेठी में स्मृति 167196 वोटों के अंतर से हार गई।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Smriti Irani Amethi: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आ गए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में NDA बहुमत से ज्यादा सीटें लाने में तो सफल रही, लेकिन उत्तर प्रदेश में उन्हें बड़ा झटका लगा। अमेठी से पिछले दो बार की सांसद स्मृति ईरानी की करारी हार ने सबको हैरान कर दिया। अमेठी में स्मृति 167196 वोटों के अंतर से हार गई। कांग्रेस प्रत्याशी किशोरी लाल अमेठी से जीते। उन्हें कुल 539228 वोट मिले जबकि स्मृति ईरानी के खाते में 372032 आए।
अमेठी में करारी हार के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का पहला रिएक्शन आया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए भावुक पोस्ट किया और साथ ही विपक्ष को बताया कि उन्हें हार जरूर मिली है, लेकिन उनका जोश अभी भी हाई है।
हार के बाद स्मृति ईरानी का रिएक्शन
स्मृति ईरानी ने अपने X हैंडल पर लिखा, ''ऐसा ही जीवन है, मेरी जिंदगी का एक दशक एक गांव से दूसरे गांव तक जाना, जीवन बनाना, आशा और आकांक्षाओं का पोषण करना, बुनियादी ढांचे पर काम करना - सड़कें, नाली, खड़ंजा, बाईपास, मेडिकल कॉलेज और बहुत कुछ। हार और जीत में जो लोग मेरे साथ खड़े रहे, मैं उनका सदैव आभारी हूं। आज जश्न मनाने वालों को बधाई। जो लोग मुझसे पूछ रहे हैं कि मेरा जोश कैसा है, उन्हें बता दूं कि ये अभी भी हाई है सर।
स्मृति ईरानी ने एक और पोस्ट में पीएम मोदी और एनडीए पर लगातार तीसरी बार भरोसा दिखने के लिए जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, ''मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए में अपना विश्वास दोहराने के लिए भारत के लोगों को विनम्रतापूर्वक धन्यवाद करना चाहती हूं जिन्होंने तीसरी बार उन्हें पीएम बनाया। 140 करोड़ से अधिक भारतीयों के सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए किए गए एक दशक के अथक प्रयास का फल ऐतिहासिक जीत के रूप में मिला है, जिसने हमारे संकल्प को और मजबूत बना दिया है।
Advertisement
यूपी में NDA को कितनी सीटें मिली?
लोकसभा चुनाव के नतीजे पर नजर डालें तो NDA के खाते में 292 सीटें आई हैं। पिछले चुनाव की तुलना में उत्तर प्रदेश में एनडीए और बीजेपी को भारी नुकसान हुआ है। यूपी में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने झंडे गाड़े हैं और लोकसभा चुनाव 2024 की राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। BJP को यूपी में इस बार 33 सीटें मिली है और कांग्रेस के खाते में 6 सीटें हैं।
Advertisement
इसे भी पढ़ें: मां के जाने के बाद मेरा पहला चुनाव था...कोटि-कोटि माता-बहनों ने प्रेरणा दी- भावुक होकर बोले PM मोदी