'कांग्रेस खत्म हो जाएगी...', संजय निरुपम ने कर दी भविष्यवाणी, पार्टी के इस कदम को बताया शर्मनाक
एक ओर इंडी गठबंधन एकजुटता दिखाने की कोशिश में है तो दूसरी ओर विभिन्न राज्यों में गठबंधन के साथी एक दूसरे को आंख दिखा रहे हैं। जैसे महाराष्ट्र में!
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Sanjay Nirupam Warns Congress: महाराष्ट्र कांग्रेस को झटके पर झटका लग रहा है। कई बड़े नाम हाथ का साथ छोड़ चुके हैं तो कुछ आंखें दिखा रहे हैं। जिस तरह सीट शेयरिंग की गई है नाराजगी इसे लेकर भी खूब है। सबसे ज्यादा बिफरे तो संजय निरुपम हैं जिन्हें उनकी सीट नहीं मिली है। गुस्सा सोशल मीडिया के जरिए जाहिर किया। इसके बाद महा विकास अघाडी के साथी शिवसेना (यूबीटी) ने भी तेवर दिखाए हैं।
संजय निरुपम को सलाह दी गई है और कांग्रेस से भी कह दिया गया है कि इस मसले को गंभीरता से लें और संजय निरुपम की बात का संज्ञान लें। वहीं अपनी पार्टी पर ही निरुपम बिफरे और समय रहते संभल जाने की सलाह दी।
फ्रेंडली फाइट वाली रार!
संजय निरुपम सोशल मीडिया पर लगातार मुखर हैं। बार बार अपनी पार्टी से फ्रेंडली फाइट को लेकर गुहार लगा रहे हैं। एक्स पर लिखा- ‘जब कांग्रेस नेतृत्व ने कुछ सीटों पर Friendly Fight का प्रस्ताव दिया तो उबाठा ग्रुप (उद्धव गुट) बिलबिला गया है। उबाठा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता ने कांग्रेस को धमकी दी है और कहा है कि सभी सीटों पर Friendly Fight करिए। इस बिलबिलाहट का कारण क्या है? मुंबई के मराठी भाषी समाज में उबाठा ग्रुप के खिलाफ जबरदस्त नाराजगी है। उम्मीद करता हूं इस माहौल में कांग्रेस नेतृत्व प्रवक्ता की गीदड़ भभकी में नहीं आएगा। वरना महाराष्ट्र से कांग्रेस को हदपार करने का पुख्ता इंतजाम कर दिया गया है।’
कांग्रेस होगी खत्म!
बाद में एएनआई से बातचीत में भी बोले कि कांग्रेस का आभारी हूं कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सुना और समझा। सुन रहा हूं कि फ्रेंडली फाइट की तैयारी है...उबाठा दबाव बना रही है कांग्रेस को ये समझना होगा...कांग्रेस को अपनी ताकत समझनी होगी। जानना होगा कि कांग्रेस के बिना उबाठा एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। काल्पनिक ताकत दिखा रही है उबाठा...6 में से 5 सीट शिवसेना लेकर जा रही है...कांग्रेस को शर्मसार करने वाली बात है। इस तरह तो कांग्रेस मुंबई में खत्म हो जाएगी।
Advertisement
मानसिक संतुलन ठीक नहीं- उबाठा प्रवक्ता
संजय निरुपम की फ्रेंडली फाइट वाली बात पर शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता आनंद दुबे ने रिएक्ट किया है। उन्होंने कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। कहा है- जब से अमोल भैया कीर्तिकर को उत्तर-पश्चिम का टिकट मिला है, संजय निरुपम बौखला गए हैं और उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है... वह हमारी पार्टी और नेताओं के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और फ्रेंडली फाइट को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं।
उबाठा की दो टूक
इसके साथ ही दुबे ने कांग्रेस को साफ लफ्जों में संजय निरुपम को गंभीरता से लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा- जिस तरह से वह मीडिया में एमवीए को बदनाम कर रहे हैं, उससे हमें गठबंधन धर्म के बारे में पता नहीं चलता... आप (संजय निरुपम) महाराष्ट्र में शिवसेना की ताकत के बारे में अच्छी तरह जानते हैं, आप इस पार्टी में रहे हैं। मैं कांग्रेस पार्टी से कहना चाहूंगा कि वह संजय निरुपम से बात करें, हमारे गठबंधन के किसी भी नेता को एकनाथ शिंदे की शिवसेना और बीजेपी की भाषा नहीं बोलनी चाहिए...हम जीत की दहलीज पर खड़े हैं...कांग्रेस को इन बातों को गंभीरता से लेते हुए स्वतः संज्ञान लेना होगा।