करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं अखिलेश यादव, 5 लाख 72 हजार की मशीन से करते हैं एक्सरसाइज
Akhilesh Yadav Net Worth : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव करोड़ों रुपये की संपत्ति की मालिक हैं। उनकी प्रॉपर्टी का एफिडेविट से खुलासा हुआ है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

Akhilesh Yadav Net Worth : समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल कर चुनाव में ताल ठोक दी है। अखिलेश यादव के एफिडेविट से उनकी कुल संपत्ति का भी खुलासा हो गया है। इसके अलावा चुनाव आयोग को दिए गए संपत्ति के ब्योरा में डिंपल यादव की नेटवर्थ भी सामने आई है।
नामांकन में दिए गए एफिडेविट के अनुसार अखिलेश यादव के पास 25 लाख 61 हजार रुपये कैश और 17 करोड़ 22 लाख रुपये की कुल अचल संपत्ति है। इसके साथ ही सपा प्रमुख 9 करोड़ 12 लाख रुपये से अधिक की चल संपत्ति की मालिक हैं। वहीं डिंपल यादव की बात करें तो उनके पास कुल 5 लाख 72 हजार 447 रुपये कैश है। डिंपल के पास 5 करोड़ 10 लाख से अधिक की चल संपत्ति है और 10 करोड़ 44 लाख से अधिक की अचल संपत्ति है।
76 हजार रुपये का मोबाइल और 5 लाख की एक्सरसाइज मशीन
अखिलेश यादव के एफिडेविट से खुलासा हुआ है कि उनके पास 76 हजार रुपये का मोबाइल फोन है। सपा प्रमुख के पास 5 लाख 34 हजार 458 रुपये की एक्सरसाइज मशीन भी है। इसके अलावा 17 हजार का फर्नीचर और एक लाख 60 हजार की क्रॉकरी भी है। वहीं सार्वजनिक जीवन में सिंपल दिखने वाली डिंपल यादव को गहनों को शौक है। उनके पास 59 लाख 76 हजार से अधिक के सोने और हीरे के आभूषण हैं।
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव के पास 13,44,933.00 की LIC, 1,19,122 का जनरल इंश्योरेंस, 3,65,048 रुपये की बीमा पॉलिसी और 40,000 रुपये की मिलेनियम पॉलिसी भी है।
Advertisement
करहल से हैं विधायक
अखिलेश यादव वर्तमान में करहल विधानसभा सीट से विधायक हैं और उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता विपक्ष हैं। वह 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में करहल सीट से पहली बार विधायक बने थे। कन्नौज में लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के तहत आगामी 13 मई को मतदान होगा। इस सीट के लिये नामांकन गुरुवार, 25 अप्रैल से शुरू हुआ है। नामांकन करने के बाद अखिलेश ने आरोप लगाया, 'भाजपा की जो नकारात्मक राजनीति है, वह खत्म होगी। भाईचारे का एक दौर शुरू होगा जो कन्नौज में विकास और खुशहाली लाएगा।
2000 में सांसद बनें अखिलेश
अखिलेश यादव पूर्व में तीन बार कन्नौज से ही सांसद रह चुके हैं। उन्होंने 2000 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में पहली जीत दर्ज की थी। उसके बाद वह 2004 और 2009 में भी इसी सीट से सांसद रहे। उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद लोकसभा से इस्तीफा देने के चलते 2012 में कन्नौज सीट पर हुए उपचुनाव में अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव निर्विरोध चुनी गयी थीं। 2014 के आम चुनाव में भी डिंपल ने इसी सीट से जीत दर्ज की थी। हालांकि साल 2019 के चुनाव में वह बीजेपी के सुब्रत पाठक से हार गई थीं।