'वो कहते हैं PAK के पास एटम बम, उसका सम्मान करो', मणिशंकर अय्यर के बयान पर PM का हमला
ओडिशा के कंधमाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वो बार-बार देश को डराने का काम कर रही है।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

लोकसभा चुनाव का प्रचार अपने चरम पर है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिशा के कंधमाल दौरे पर पहुंचे हैं। पीएम मोदी ने यहां एक चुनावी जनसभा में कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर जमकर हमला बोला है। कंधमाल में जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने मणिशंकर के पाकिस्तान के सम्मान करने वाले बयान को लेकर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वो बार-बार देश को डराने का काम कर रही है। दरअसल मणिशंकर अय्यर ने हाल में ही एक इंटरव्यू के दौरान पाकिस्तान की इज्जत करने की बात कही थी।
प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनवाते हुए कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करा कर लोगों के 500 वर्षों के इंतजार को समाप्त किया। केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली पूर्व की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 26 साल पहले आज ही के दिन पोकरण परीक्षण ने दुनिया भर में देश का कद बढ़ाया था। इस दौरान पीएम मोदी ने नाम लिए बिना मणिशंकर अय्यर पर निशाना साधा।
मणिशंकर अय्यर का नाम लिए बिना कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने इस दौरान भारत के परमाणु पोखरण के सफल परीक्षण की याद दिलाते हुए मणिशंकर अय्यर का नाम लिए बिना ही कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा,'एक वो दिन था, जब भारत ने दुनिया को अपने सामर्थ्य से परिचित कराया था। दूसरी तरफ कांग्रेस बार-बार अपने ही देश को डराने की कोशिश करती है और कहती है कि पाकिस्तान का सम्मान करो क्योंकि उसके पास एटम बम है।'
क्या बोले थे मणिशंकर अय्यर?
पिछले दिनों मणिशंकर अय्यर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि देश को पाकिस्तान की इज्जत करनी चाहिए क्योंकि उसके पास एटम बम है। अय्यर ने इस इंटरव्यू में आगे कहा था कि मुझे समझ में नहीं आता कि क्यों मौजूदा सरकार पाकिस्तान से बात नहीं करना चाहती है। आतंकवाद को खत्म करने के लिए ये जरूरी है कि हम पड़ोसी मुल्क से बातचीत जारी रखें। आपको बता दें कि इसके पहले पाकिस्तान सरकार के कई नेता भी ये बोल चुके हैं कि उनके पास पाव-पाव भर के एटम बम हैं।
Advertisement
50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी कांग्रेसः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार (11 मई) को दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस 50 सीट भी नहीं जीत पाएगी और चुनाव के बाद उसे विपक्षी दल का दर्जा भी नहीं मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कंधमाल लोकसभा सीट के फुलबनी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में 'डबल इंजन' सरकार बनेगी और ओडिशा में भाजपा सरकार की मुख्यमंत्री वहीं बेटी या बेटा बनेगा जो उड़िया भाषा, संस्कृति को समझता हो।