अपडेटेड 24 March 2024 at 21:42 IST
मेरठ से चुनाव लड़ेंगे रामायण के 'राम' अरुण गोविल, लोकसभा चुनाव में BJP का बड़ा दांव
Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने रामायण के 'राम' अरुण गोविल को मेरठ से टिकट दिया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने रामायण के 'राम' अरुण गोविल को मेरठ से टिकट दिया है। इसे बीजेपी के बड़े दांव के तौर पर देखा जा रहा है। आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से कंगना रनौत को टिकट दिया गया है।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे जबकि बिहार से ताल्लुक रखने वाले अन्य केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय उजियारपुर से, आर के सिंह आरा से, रामकृपाल यादव पाटलिपुत्र से चुनाव लड़ेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को एक बार फिर पटनासाहिब से और सुशील कुमार सिंह को औरंगाबाद से टिकट दिया गया है। राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर को नवादा से उम्मीदवार बनाया गया है।
111 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को 111 उम्मीदवारों की पांचवीं सूची जारी कर दी। पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री वी के सिंह की जगह गाजियाबाद से स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया है जबकि बिहार के बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर उनके स्थान पर मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है।
पीलीभीत से वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर उनके स्थ्हाान पर राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
Advertisement
पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चम्पारण से जबकि संजय जायसवाल एक बार फिर पश्चिमी चम्पारण से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड के दुमका से भाजपा ने सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। सीता सोरेन झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं और पिछले दिनों उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी।
भाजपा अब तक 291 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं।
Advertisement
(इनपुटः PTI भाषा के साथ रिपब्लिक भारत)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 24 March 2024 at 21:24 IST