गुरुग्राम से राज बब्बर तो कांगड़ा से आनंद शर्मा को टिकट, कांग्रेस की नई लिस्ट में कौन-कौन?
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के खिलाफ सतपाल रायजादा को प्रत्याशी बनाया है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Congress List : कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए चार और उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करदी है। इसमें हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और महाराष्ट्र के उम्मीदवारों का नाम शामिल है। इस लिस्ट में हिमाचल प्रदेश की दो सीटों कांगड़ा और हमीरपुर सीट पर प्रत्याशी का ऐलान किया गया है। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम और महाराष्ट्र की मुंबई उत्तर पर कांग्रेस ने अपने पत्ते खोल दिए हैं।
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के खिलाफ सतपाल रायजादा को प्रत्याशी बनाया है। हरियाणा के गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र से उत्तर प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष राज बब्बर को टिकट मिला है। कांग्रेस ने पीयूष गोयल के सामने मुंबई उत्तर से भूषण पाटिल को उम्मीदवार बनाया है।
कांगड़ा से आनंद शर्मा को टिकट
कांग्रेस ने कांगड़ा से वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रहे आनंद शर्मा लंबे समय तक राज्यसभा के सदस्य रहे हैं। उनका राज्यसभा का कार्यकाल अप्रैल, 2022 में पूरा हुआ था, हालांकि इसके बाद पार्टी ने राज्यसभा नहीं भेजा।
राज बब्बर को गुरुग्राम से टिकट
दिल्ली से सटे गुरुग्राम संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया है। अब तक उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय रहे राज बब्बर पहली बार हरियाणा में अपना राजनीतिक भाग्य आजमाने जा रहे हैं। उन्हें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का करीबी माना जाता है। हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीट के लिए एक जून और हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीट के लिए 25 मई को मतदान होगा। मतगणना चार जून को होगी।