बसपा के रोड शो में प्रत्याशी जीशान ने आजम खां का लगाया पोस्टर, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO

रामपुर में बसपा प्रत्याशी जीशान खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वो रोड शो में आजम खां, उनकी पत्नी और उनके बेटे का पोस्टर लगाकर वोट मांग रहे हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon

Lok Sabha Election 2024 : उत्तर प्रदेश की रामपुर सीट पर करीब पांच दशक तक अपना दबदबा कायम रखने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खां इस बार लोकसभा चुनाव मैदान में नहीं हैं। उनकी गैर मौजूदगी में भी प्रचार में उनका नाम खूब चल रहा है। आजम खां का पोस्टर लगाकर बसपा प्रत्याशी लोगों से वोट की अपील कर रहे हैं।

मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने रामपुर से जीशान खान को प्रत्याशी बनाया है। जीशान खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वो रोड शो में वोट मांगने के दौरान काफिले के आगे आजम खां, उनकी पत्नी और उनके बेटे का पोस्टर लगाकर वोट मांग रहे हैं। बसपा प्रत्याशी का ये वोट मांगने का तरीका जमकर वायरल हो रहा है।

पसोपेश में आजम खां के वफादार

सपा ने इस समय सीतापुर जेल में बंद आजम खां के गढ़ में उनके किसी नुमाइंदे के बजाय दिल्ली में संसद मार्ग पर स्थित एक मस्जिद के इमाम मोहिबुल्लाह नदवी को उम्मीदवार बनाया है। किसी अन्य लोकसभा क्षेत्र के लिए प्रत्याशी में बदलाव करना एक सामान्य बात हो सकती है, लेकिन रामपुर के मामले में यह बात कतई मामूली नहीं है। सपा की रामपुर जिला इकाई तय नहीं कर पा रही है कि आजम खां के प्रभुत्व को बरकरार रखने के लिए उनसे वफादारी निभाये या फिर अप्रत्यक्ष रूप से खां के राजनीतिक विकल्प के तौर पर पार्टी द्वारा उम्मीदवार बना कर भेजे गए मोहिबुल्लाह नदवी को जिताने के लिए जोर लगाए।

रामपुर के सबसे प्रभावशाली नेता

आजम खां रामपुर के सबसे प्रभावशाली नेता माने जाते रहे हैं। जिले में सपा से जुड़ी तमाम गतिविधियों में खां का सीधा प्रभाव रहा है, लेकिन इस बार सपा ने एक तरह से उन्हें झटका देते हुए उनके किसी प्रतिनिधि तक को टिकट नहीं दिया। आजम खां रामपुर सदर सीट से 10 बार विधायक और रामपुर लोकसभा सीट से एक बार सांसद रहे हैं। वह जून 1980 में पहली बार रामपुर से जनता पार्टी (सेक्युलर) के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। उसके बाद से रामपुर की सियासत पर उन्होंने ऐसी पकड़ बनाई कि पांच दशकों तक उन्हें कोई चुनौती नहीं दे सका। वह 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में रामपुर सीट से सांसद भी चुने गए।

Advertisement

बतादें, बीजेपी ने सपा के इमाम मोहिबुल्लाह नदवी और बहुजन समाज पार्टी के जीशान खान के मुकाबले पर रामपुर सीट से घनश्याम सिंह लोधी को खड़ा किया है। इसके अलावा तीन अन्य प्रत्याशी भी मैदान में हैं। रामपुर लोकसभा क्षेत्र में करीब 17 लाख मतदाता है जिनमें से करीब 43% मुस्लिम हैं। रामपुर सीट पर लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

ये भी पढ़ें: CM केजरीवाल ने मांगी प्राइवेट डॉक्टर से वर्चुअल मुलाकात की इजाजत, ED ने कहा- जेल में भी हैं Doctor
 

Advertisement
Published By:
 Sagar Singh
पब्लिश्ड