लोकसभा चुनाव से पहले BJD को बड़ा झटका, BJP में शामिल हुए सांसद महताब

कटक लोकसभा क्षेत्र से छह बार सांसद रहे माहताब ने 22 मार्च को बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

BJD Leader Bhartrihari Mahtab
बीजद नेता भर्तृहरि महताब ने छोड़ी पार्टी थामा बीजेपी का दामन | Image: PTI

आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनावों से पहले ओडिशा की सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (BJD) के कटक के सांसद और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक भर्तृहरि महताब बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल की मौजूदगी में महताब ने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की।

कटक लोकसभा क्षेत्र से छह बार सांसद रहे माहताब ने 22 मार्च को बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें बीजद में स्वतंत्र रूप से काम करने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। तभी से उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें थीं। उनके इस्तीफा देने के कुछ ही दिन बाद बीजद ने लोकसभा चुनाव के लिए महताब का टिकट काट दिया था। कटक में महताब के स्थान पर बीजद ने संतृप्त मिश्रा को उम्मीदवार बनाया है।

अरविंद धाली ने BJD छोड़ थामा था BJP का दामन

इसके पहले 2 मार्च को बीजू जनता दल के पांच बार के विधायक अरबिंद धाली ने सत्तारूढ़ बीजू जनता दल से इस्तीफा दे दिया था और कहा था कि वो बीजेपी में शामिल होने जा रहे हैं। धाली ओडिशा में खोरदा जिले के जयदेव विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उन्होंने बीजेडी अध्यक्ष और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को अपना इस्तीफा भेजा था। धाली साल 1992 में पहली बार बीजेपी के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने बीजू जनता दल ज्वाइन कर ली थी।

BJD से जारी है नेताओं का इस्तीफा

लोकसभा चुनाव से पहले बीजू जनता दल में इस्तीफा देने वाले नेताओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इसके पहले भी कई नेताओं ने इस्तीफा दिया है। पिछले महीने बीजद से निष्कासित किए गए विधायक प्रदीप पाणिग्रही और प्रशांत जगदेव भी बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। इसके पहले अभी हाल ही में ही पूर्व राज्य मंत्री और बीजद नेता देबासिस नायक ने भी इस्तीफा देकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। राज्य में लोकसभा और विधानसभा का चुनाव एक साथ होने वाले हैं ऐसे में नेताओं का पलायन बीजद के लिए बड़ा झटका माना जा सकता है। 

Advertisement

यह भी पढ़ेंः देश की सबसे अमीर महिला ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, ऐसा रहा सियासी सफर

Published By:
 Ravindra Singh
पब्लिश्ड