देश की सबसे अमीर महिला ने छोड़ा कांग्रेस का साथ, हरियाणा सरकार में रहीं मंत्री... ऐसा रहा सियासी सफर
कांग्रेस की कद्दावर नेता सावित्री जिंदल ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। जिंदल फैमिली की मजबूत पिलर का सियासी सफर दिलचस्प और काफी प्रेरणादायक रहा है।

Savitri Jindal Political Journey: बेटे के बीजेपी ज्वाइन करने के कुछ दिनों बाद ही प्रोग्रेसिव और आम सी दिखने वाली सावित्री जिंदल ने 27 मार्च को एक्स पर कांग्रेस से विदाई की पटकथा लिख दी।
84 साल की सावित्री ने देर रात सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस छोड़ने के अपने फैसले की घोषणा की। सबको शुक्रिया भी अदा किया।
सबका आभार, लेकिन
उन्होंने हिंदी में पोस्ट किया, ‘‘मैंने एक विधायक के रूप में 10 वर्ष तक हिसार के लोगों का प्रतिनिधित्व किया और एक मंत्री के रूप में निस्वार्थ भाव से हरियाणा राज्य की सेवा की है। हिसार के लोग मेरा परिवार हैं और अपने परिवार की सलाह पर, मैं आज कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं।’’
बेटे के बाद तय था...
कांग्रेस से लंबे समय तक जुड़े रहे, पिता की विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिशों में जुटे नवीन जिंदल ने 24 मार्च को एक्स पर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया और उसी दिन भाजपा का दामन थाम लिया। उसी दिन बीजेपी हरियाणा के पूर्व मंत्री ओ पी जिंदल के बेटे नवीन को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कुरूक्षेत्र से भाजपा का उम्मीदवार बनाया।
Advertisement
रिटायरमेंट की उम्र में बनाया करियर
जिस उम्र में आम शख्स रिटायरमेंट की सोचता है उस वक्त में विधि के विधान ने कुछ ऐसा लिखा कि 55 साल की सावित्री के सामने अपने परिवार को चलाने का सवाल खड़ा हो गया। पति का हेलीकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया। स्थापित परिवार था लेकिन जो था उसे संभालने के लिए मजबूत और जिम्मेदार कांधों की दरकार थी। सावित्री आगे आईं। 9 बच्चों की मां ने घर और बाहर का काम बखूबी निभाया। उनकी राजनीतिक विरासत, बिजनेस , सामाजिक कार्य से जुड़ी जिम्मेदारी सावित्री ने एक-एक कर सब निभाई।
सियासी सफर पर एक नजर
साल 2005 में पति और जिंदल समूह के संस्थापक ओपी जिंदल की मृत्यु के बाद जिंदल को हिसार निर्वाचन क्षेत्र से हरियाणा विधानसभा के लिए चुना गया। 2009 में हिसार से फिर से चुनी गईं और अक्टूबर 2013 में उन्हें हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री नियुक्त किया गया। साल 2006 में शहरी स्थानीय निकाय और आवास राज्य मंत्री के रूप में उन्होंने काम किया, 2014 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में उन्हें हिसार से हार का सामना करना पड़ा था।
Advertisement
देश की सबसे अमीर महिला
भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल जिंदल समूह का विशाल कारोबार संभाल रही हैं। वो कंपनी की चेयरपर्सन हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) के मुताबिक, 28 मार्च 2024 तक सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति (Savitri Jindal Net Worth) 29.6 अरब डॉलर है। भारतीय रुपयों में करीब 2.47 लाख करोड़ रुपये के आस-पास बैठती है। देश की सबसे अमीर महिलाओं की लिस्ट में इनका नाम पहले नंबर पर आता है।