अपडेटेड 27 February 2024 at 20:37 IST

दिल्ली में AAP ने खोले पत्ते, सोमनाथ भारती समेत 4 लोकसभा सीटों पर की प्रत्याशी की घोषणा

Lok Sabha Election 2024 : दिल्ली की 4 लोकसभा सीटों के लिए AAP ने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार को टिकट मिला है।

Follow : Google News Icon  
AAP announces candidates
AAP ने दिल्ली में की प्रत्याशियों की घोषणा | Image: PTI

Lok Sabha Election 2024 : दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस के बीच औपचारिक रूप से सीटों का बंटवारा हो गया है। अब AAP ने आगामी लोकसभा चुनाव की बिसात बिछानी शुरू करदी है। मंगलवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी की बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई। AAP ने दिल्ली की 4 और हरियाणा की एक सीट पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है।

दिल्ली में लोकसभा की कुल सात सीट हैं। इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (INDI गठबंधन) की सहयोगी पार्टी AAP दिल्ली में चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी और कांग्रेस के तीन सीट पर चुनाव लड़ने के लिए समझौता हुआ है। मंगलावर को AAP ने अपने सभी 4 प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है।

  1. कुलदीप कुमार, पूर्वी दिल्ली
  2. महाबल मिश्रा, पश्चिम दिल्ली                    
  3. सहीराम पहलवान, दक्षिण दिल्ली
  4. सोमनाथ भारती, नई दिल्ली को प्रत्याशी बनाया है।

कांग्रेस उत्तर पूर्वी दिल्ली, उत्तर पश्चिमी दिल्ली और चांदनी चौक सीट पर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के अलावा AAP ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र सीट से सुशील गुप्ता को मैदान में उतारा है। 

सभी 7 सीटों पर बीजेपी का कब्जा

आप और कांग्रेस के एकसाथ आने से दिल्ली में चुनावी मुकाबला द्विध्रुवीय हो गया है। बीजेपी लगातार तीसरी बार दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना चाहती है। दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटें 2014 से बीजेपी के पास हैं। 2019 के चुनावों में, बीजेपी उम्मीदवारों को प्रत्येक सीट पर कांग्रेस और आप उम्मीदवारों की संयुक्त वोट से अधिक वोट मिले थे।

Advertisement

विपक्षी INDI गठबंधन के उम्मीदवारों के सामने एक बड़ी चुनौती 2019 के चुनाव में जीतने वाले बीजेपी उम्मीदवारों और पराजित उम्मीदवारों के बीच वोट के भारी अंतर को पाटना होगा। साल 2019 के चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों ने कांग्रेस और आप उम्मीदवारों को लाखों मतों के अंतर से हराया था। AAP और कांग्रेस ने 2019 में भी दिल्ली में गठबंधन करने की कोशिश की थी, लेकिन ऐसा करने में असफल रहे थे।

दिल्ली की सीटों का गणित

बीजेपी के दो बार के सांसद मनोज तिवारी ने 2019 में उत्तर पूर्व दिल्ली सीट पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस उम्मीदवार शीला दीक्षित को 3.6 लाख वोट से हराया था। कांग्रेस इस सीट पर अपनी दिल्ली इकाई के प्रमुख अरविंदर सिंह लवली को मैदान में उतार सकती है, जहां शहर के सभी संसदीय क्षेत्रों के मुकाबले मुस्लिम आबादी का प्रतिशत सबसे अधिक (29 प्रतिशत से अधिक) है।

Advertisement

कांग्रेस उत्तर पश्चिमी दिल्ली की आरक्षित सीट पर भी चुनाव लड़ेगी, जहां से वर्तमान में बीजेपी के हंसराज हंस सांसद हैं। जाने-माने पंजाबी सूफी गायक, हंस ने 2019 में आप के गुगन सिंह को 5.5 लाख से अधिक वोट से हराया था। कांग्रेस चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से भी चुनाव लड़ेगी और ऐसी अटकलें हैं कि पार्टी के वरिष्ठ नेता जे.पी अग्रवाल इस सीट से संभावित उम्मीदवार हो सकते हैं। वह इस निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व सांसद हैं। इसके अलावा महिला कांग्रेस प्रमुख अलका लांबा के नाम पर भी कांग्रेस विचार कर सकती है, जिन्होंने पहले आप नेता के रूप में चांदनी चौक विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया था। अग्रवाल को 2019 में चांदनी चौक से भाजपा के हर्षवर्धन ने लगभग 2.3 लाख वोट से हराया था।

2019 में हुई थी जमानत जब्त 

साल 2019 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सात सीट पर भारी हार के बावजूद कांग्रेस छह सीट पर दूसरे नम्बर पर रही थी, जबकि आप तीसरे स्थान पर रही थी। दक्षिणी दिल्ली से आप के राघव चड्ढा एकमात्र ऐसे उम्मीदवार थे, जो दूसरे नम्बर पर रहे थे। इसके अलावा, आप के तीन उम्मीदवारों चांदनी चौक से पंकज गुप्ता, नई दिल्ली से ब्रिजेश गोयल और उत्तरपूर्व दिल्ली से दिलीप पांडे की 2019 में जमानत जब्त हो गई थी।

ये भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव से पहले बिहार में INDI गठबंधन को बड़ा झटका, RJD का 1, कांग्रेस के 2 एमएलए BJP में शामिल

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 February 2024 at 16:19 IST