अपडेटेड 28 April 2024 at 16:45 IST

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण में मात्र 8 प्रतिशत महिला उम्मीदवार

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 135 महिला उम्मीदवार थीं, जबकि दूसरे चरण में 100 महिला उम्मीदवार थीं। दो चरण में कुल 235 महिला उम्मीदवार उतरीं।

Follow : Google News Icon  
Lok Sabha Election 2024
लोकसभा चुनाव 2024 | Image: facebook

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के शुरुआती दो चरण के दौरान चुनावी मैदान में उतरे कुल 1,618 उम्मीदवारों में से केवल आठ प्रतिशत महिलाएं थीं। राजनीतिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह आंकड़ा लैंगिक आधार पर पूर्वाग्रह की गंभीर समस्या को दर्शाता है और महिलाओं को सशक्त बनाने की बातें खोखली लगती हैं। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 135 महिला उम्मीदवार थीं, जबकि दूसरे चरण में 100 महिला उम्मीदवार थीं यानी शुरुआती दो चरण में कुल मिलाकर 235 महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरीं।

पहले चरण में महिला उम्मीदवारों की संख्या के मामले में तमिलनाडु शीर्ष पर रहा। राज्य में पहले चरण में 76 महिला उम्मीदवार थीं, लेकिन राज्य के कुल उम्मीदवारों में उनकी हिस्सेदारी केवल आठ प्रतिशत थी, जबकि दूसरे चरण में सबसे अधिक 24 महिला उम्मीदवार केरल से चुनावी मैदान में उतरीं। पार्टी-वार देखा जाए तो शुरुआती दो चरण में कांग्रेस ने 44 महिलाओं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 69 महिलाओं को मैदान में उतारा।

इस लैंगिक असंतुलन की राजनीतिक विश्लेषकों और कार्यकर्ताओं ने आलोचना की। उनका सवाल है कि दल महिलाओं को अग्रसक्रिय तरीके से टिकट देने के बजाय महिला आरक्षण विधेयक के लागू होने का इंतजार क्यों कर रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय के जीसस एंड मैरी कॉलेज में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुशीला रामास्वामी ने कहा कि राजनीतिक दलों को महिला उम्मीदवारों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीति दलों को अधिक अग्रसक्रिय होना चाहिए था और अधिक महिला उम्मीदवारों को खड़ा करना चाहिए था।’’

यह भी पढ़ें: क्या दिल्ली कांग्रेस में बगावत होने वाली है? सुनाई दे रही भूचाल की आहट

Advertisement

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. इफ्तिखार अहमद अंसारी ने कहा कि भारत के कुल मतदाताओं में लगभग आधी संख्या महिलाओं की है, ऐसे में उम्मीदवारों के रूप में उनका कम प्रतिनिधित्व राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं की पूर्ण भागीदारी को रोकने वाली बाधाओं को लेकर सवाल खड़े करता है। उन्होंने प्रतीकात्मक कदम उठाने और वादे करने के बजाय राजनीति में महिलाओं के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने की खातिर संरचनात्मक सुधारों के महत्व पर जोर दिया और लैंगिक विविधता को बढ़ावा देने में पार्टी नेतृत्व की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

बीजू जनता दल (बीजद) एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो महिला उम्मीदवारों को नीतिगत तौर पर 33 प्रतिशत टिकट देती है। बीजद के बीजू महिला दल की राज्य इकाई की उपाध्यक्ष मीरा परिदा ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया और महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित करने की अपनी पार्टी की पहल की सराहना की। उन्होंने व्यापक सुधारों की वकालत करते हुए कहा, ‘‘केवल सीट आरक्षित करना पर्याप्त नहीं है। हमें एक सांस्कृतिक बदलाव की जरूरत है जिसमें महिलाओं को नेता और निर्णय लेने वालों के रूप में देखा जाए।’’

Advertisement

लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से सात चरणों में हो रहे हैं और दुनिया की सबसे बड़ी चुनावी प्रक्रिया के लिए मतगणना चार जून को होगी। दूसरा चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान हुआ था जबकि अन्य चरणों के तहत चुनाव सात मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को होना है।
 

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 28 April 2024 at 16:45 IST