अपडेटेड 6 September 2024 at 19:59 IST
हां-हां, ना-ना में बिगड़ गई बात...हरियाणा में AAP और कांग्रेस अलग लड़ेंगी चुनाव? कहां फंसा पेंच
हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है।
- चुनाव न्यूज़
- 2 min read

Haryana Assembly Elections: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है, और अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ राज्य में 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है। सूत्रों ने शुक्रवार को यह दावा किया।
कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले आप सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी (आप) द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची रविवार को जारी करने की संभावना है।
हरियाणा में गठबंधन के लिए बातचीत टूटने की कगार पर- सूत्र
आप सूत्रों ने दावा किया, ‘‘हरियाणा में गठबंधन के लिए बातचीत टूटने की कगार पर है और आप 90 सदस्यीय विधानसभा की 50 सीट पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही।’’
Advertisement
इससे पहले, पार्टी के नेताओं ने कहा था कि आप हरियाणा में 10 सीट मांग रही है, जबकि कांग्रेस पांच से सात सीट की पेशकश कर रही है।
सीट बंटवारे को लेकर कोई सहमति बनती नजर नहीं आ रही- सूत्र
Advertisement
सूत्रों ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर कोई सहमति बनती नजर नहीं आ रही।
‘इंडिया’ गठबंधन में साझेदार आप और कांग्रेस ने हालिया लोकसभा चुनाव हरियाणा, गुजरात और दिल्ली में साथ मिलकर लड़ा था। हरियाणा में, आप को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट दी गई थी। पार्टी के प्रदेश प्रमुख सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के नवीन जिंदल से हार गए थे।
हरियाणा में 5 अक्टूबर को होंगे विधानसभा चुनाव
आप सूत्रों ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई अंसतुष्ट नेता हरियाणा में पार्टी (आप) में शामिल होने को तैयार हैं। राज्य में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होना है।
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस भी टिकट बंटवारे को लेकर अपने-अपने नेताओं के कड़े विरोध का सामना कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा विधायकों सहित पार्टी के कई नेताओं ने घोषणा की है कि चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर वे भाजपा छोड़ देंगे।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 6 September 2024 at 19:59 IST