अपडेटेड 8 October 2024 at 21:42 IST

'जब कांग्रेस झूठ फैलाने में लगी थी, तब जनता ने...', हरियाणा में BJP की जीत पर बोले जेपी नड्डा

हरियाणा विधानसभा चुनाव की जीत पर दिल्ली में BJP मुख्यालय पर पार्टी जीत का जश्न मना रही है, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हरियाणा की जीत को ऐतिहासिक बताया है।

Follow : Google News Icon  
जेपी नड्डा
जेपी नड्डा | Image: PTI

JP Nadda on Haryana Result: हरियाणा विधानसभा चुनाव की जीत पर दिल्ली में BJP मुख्यालय पर पार्टी जीत का जश्न मना रही है, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि, ‘हरियाणा की ऐतिहासिक जीत और जम्मू-कश्मीर में बढ़ते वोट शेयर के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास है। कांग्रेस ने हर स्तर पर झूठ फैलाया, लेकिन जनता ने उनकी एक न सुनी और हरियाणा में तीसरी बार BJP की सरकार बनाई।’

जेपी नड्डा ने कहा कि, 'आज मोदी जी के नेतृत्व में हरियाणा BJP का गढ़ बन गया है और वहां बिना किसी रोकटोक के लगातार तीसरी बार हमारी सरकार बन रही है।' BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आपने (प्रधानमंत्री मोदी ने) पिछले 23 सालों में जिस कार्यकर्ता भाव से, जिस समर्पण भाव से देश की तस्वीर को बदलने के लिए अथक प्रयास किया है, ये उसका नतीजा है कि आज हरियाणा और देश का मिजाज 'मोदीमय' है। 

'हरियाणा को करता हूं नमन', नतीजों के बाद PM

हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) ने एक बार फिर से सत्ता में वापसी की है। इस ऐतिहासिक जीत पर दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने हरियाणा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। साथ ही प्रधानमंत्री ने कहा कि, 'हरियाणा के छोरे-छोरी आज धूम मचाते हैं और कृषि के क्षेत्र में हरियाणा अग्रिम राज्यों में एक है।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों, गरीबों और जवानों को भड़काने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन हरियाणा के लोगों ने उन्हें करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस ने कई झूठ फैलाने की कोशिश की, लेकिन हरियाणा के किसानों ने, गरीबों ने और जवानों ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया। हरियाणा की जनता ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी और उसकी नीतियों पर अपना भरोसा जताया है।'

Advertisement

PM बोले- 'दूध-दही का खाना, ऐसा है अपना हरियाणा'

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए कहा, 'हम सबने सुना है कि दूध-दही का खाना, ऐसा है अपना हरियाणा। आज हरियाणा के लोगों ने कमल-कमल कर दिया है। गीता की धरती पर आज फिर सत्य और विकास की जीत हुई है। यह सुशासन की जीत है और हर जाति, हर वर्ग ने हमें अपना समर्थन दिया है।'

हरियाणा के मेहनती लोगों के विश्वास की जीत- PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने हरियाणा में जीत का श्रेय जनता के विश्वास और बीजेपी कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा, 'यह जीत BJP कार्यकर्ताओं की तपस्या का परिणाम है। मैं सभी कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं। हरियाणा में जो जीत मिली है, वह हरियाणा के मेहनती लोगों और उनके विश्वास का प्रतीक है।'

Advertisement

साथ ही, उन्होंने जम्मू-कश्मीर के चुनावी नतीजों पर भी संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में दशकों बाद शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव और वोटों की गिनती हुई, जो भारत के संविधान और लोकतंत्र की जीत है। उन्होंने कहा, 'जम्मू-कश्मीर में हमारा वोट शेयर बढ़ा है और यह हमारे देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का प्रतीक है।'

हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला- PM मोदी

नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी के आशीर्वाद का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'आज मां कात्यायनी शेर पर विराजमान हैं और उनके हाथ में कमल का फूल है। हरियाणा में तीसरी बार कमल खिला है, यह विकास और सुशासन की जीत है।' प्रधानमंत्री ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की जनता और सभी विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत एक नई दिशा की ओर ले जाएगी।

यह भी पढ़ें: PM मोदी का चुनाव नतीजों पर पहला संबोधन- 'हरियाणा की जनता ने भड़काने वालों को दिया करारा जवाब'

यह भी पढ़ें: 'हरियाणा के छोरे-छोरी खूब धूम मचावे हैं, कृषि में भी अग्रिम राज्य'- PM मोदी का चुनावी जीत पर संबोधन

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 8 October 2024 at 20:29 IST