अपडेटेड 11 October 2024 at 18:14 IST
नायब सैनी दोहराया अपना वादा, बोले- 'हरियाणा में 25 हजार युवाओं की भर्ती का परिणाम जल्द होगा जारी'
चुनाव परिणामों के बाद नायब सैनी ने अपने वादे को दोहराते हुए कहा है कि जल्द ही 25,000 योग्य युवाओं के भर्ती परिणाम घोषित किए जाएंगे।
- चुनाव न्यूज़
- 3 min read

हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान नायब सिंह सैनी ने एक बड़ा वादा किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि 32,000 युवाओं की भर्ती का परिणाम पहले जारी करेंगे और शपथ बाद में लेंगे। अब, चुनाव परिणामों के बाद उन्होंने अपने वादे को दोहराते हुए कहा है कि जल्द ही 25,000 योग्य युवाओं के भर्ती परिणाम घोषित किए जाएंगे।
सैनी ने स्पष्ट किया कि सरकार का गठन होते ही युवाओं की भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिणाम तैयार हैं और वह अपने वादे के मुताबिक, शपथ लेने के तुरंत बाद इसे जारी करेंगे।
भर्ती प्रक्रिया प्राथमिकता पर रहेगी- नायब सैनी
हरियाणा विधानसभा चुनावों के नतीजे आने के बाद नई सरकार का शपथ ग्रहण एक अहम कदम होगा, जहां विजयी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद, नई सरकार अपने वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से कदम उठाएगी, जिसमें युवाओं की भर्ती प्रक्रिया भी प्राथमिकता में रहेगी।
15 अक्टूबर को हरियाणा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह
गौरतलब है कि हरियाणा में मंगलवार यानी (15 अक्टूबर) को हरियाणा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है। पंचकूला सेक्टर 5 के परेड ग्राउंड में ये शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।
Advertisement
शपथ ग्रहण समारोह के लिए परेड ग्राउंड में एक लाख लोगों के बैठने की योजना बनाई गई है। इस कार्यक्रम में देश के उद्योगपतियों और बड़ी हस्तियों को भी इस समारोह को आमंत्रित किया जाएगा।
ये नेता बन सकते हैं मंत्री
मंगलवार (15 अक्टूबर) को सीएम नायब सिंह सैनी के अलावा 12 नेता मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। हरियाणा की नई नायब सिंह सैनी सरकार में अनिल विज, कृष्ण बेदी, कृष्णलाल पंवार, अरविंद शर्मा, कृष्ण मिड्डा, महिपाल ढांडा, मूलचंद शर्मा, लक्ष्मण यादव, राव नरबीर, सुनील सांगवान, बिपुल गोयल, तेजपाल तंवर को मंत्री बनाया जा सकता है।
Advertisement
नायब सिंह सैनी ने बीजेपी नेताओं से की थी मुलाकात
बता दें कि विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के बाद हरियाणा में नई सरकार के प्रमुख के रूप में अपने संभावित शपथ ग्रहण से पहले नायब सिंह सैनी ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ बीजेपी नेताओं से मुलाकात की थी। वहीं बीजेपी ने चुनावों के दौरान संकेत दिया था कि मार्च में मुख्यमंत्री के रूप में मनोहर लाल खट्टर की जगह लेने वाले और अन्य पिछड़ा वर्ग से आने वाले सैनी अगर जीतते हैं तो शीर्ष पद के लिए वह पार्टी की पसंद होंगे।
चुनाव में बीजेपी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
गौरतलब है कि बीजेपी ने अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में 48 सीट हासिल की हैं इसके अलावा तीन निर्दलीय उम्मीदवों ने भी बीजेपी को समर्थन दे दिया है। वहीं कांग्रेस को 37 सीटें मिली हैं। इसके अलावा इस चुनाव में जेजेपी और आम आदमी पार्टी का सफाया हो गया और इनेलो सिर्फ दो सीट जीतने में सफल रही।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 11 October 2024 at 17:25 IST